SUPER BIG BREAKING : बांका में मिले 18 नये कोरोना पॉजिटिव, जिले में 32 हो गए अब कुल संक्रमित

बांका लाइव डेस्क : बांका जिले में आज दोपहर उस वक्त हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई जब एक साथ 18 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए। इसके साथ ही बांका जिले में कोरोना की चपेट में आने वाले संक्रमित मरीजों की संख्या एकबारगी बढ़कर 32 हो गई है।

शनिवार को दोपहर राज्य के स्वास्थ्य मुख्यालय ने बांका जिले में 18 नए कोरोना पॉजिटिव मामले मिलने की पुष्टि की। इस खबर के साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को लेकर सनसनी फैल गई है। लोग अपनी-अपनी तरह से इस महामारी के संक्रमण की भावी स्थिति को लेकर चर्चा करने में लगे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक बांका जिले में आज सामने आए 18 कोरोना पॉजिटिव मामले जिले के धोरैया, बेलहर, कटोरिया एवं रजौन प्रखंडों के हैं। इनमें सर्वाधिक 8 मामले धोरैया प्रखंड से हैं। जबकि सबसे कम बेलहर प्रखंड से आज एक मामले की पुष्टि हुई है।
इनके अलावा कटोरिया प्रखंड से 3 तथा रजौन प्रखंड से 6 कोरोना पॉजिटिव मामले की आज पुष्टि हुई है।

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक धोरैया के जो 8 कोरोना संक्रमित मामले आज सामने आए हैं, उनकी ट्रैवल हिस्ट्री दिल्ली से जुड़ी है। जबकि कटोरिया एवं रजौन के क्रमशः 3 एवं 6 कोरोना संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री मुंबई से शुरू हुई थी। बेलहर में आज पाया गया कोरोना संक्रमित छत्तीसगढ़ से यहां पहुंचा था। 

आज जिन कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई, वे सभी विभिन्न आयु वर्ग के पुरुष हैं।सभी 18 नए कोरोना संक्रमित मरीजों के सैंपल जांच के लिए बांका जिले से भेजे गए थे। राज्य स्वास्थ्य मुख्यालय से कोरोना से संबंधित आज की पहली बुलेटिन में 46 नए कोरोना संक्रमित की पुष्टि की गई है। इनमें से 18 बांका जिले से हैं। बिहार में कोरोना पॉजिटिव मामले बढ़कर अब 1079 हो गए हैं।

Exit mobile version