जमुई (बिहार) : जमुई पुलिस ने डकैती के मामले का उद्भेदन करते हुए उसमें शामिल एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। साथ ही डकैती में प्रयुक्त स्कूटी को भी बरामद किया है। जानकारी देते हुए सदर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस ने बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रैपुरा गांव निवासी ऋषभ राज सिंह उर्फ आरडीएक्स को गिरफ्तार किया गया है जिस पर जमुई सहित खैरा थाना व अन्य थानों में 10 से भी अधिक मामले दर्ज हैं।
उन्होंने कहा कि बीते वर्ष डकैती के कांड को लेकर जमुई सदर थाना कांड संख्या 137/20 में मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में उसे गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उसके पास से डकैती कांड में प्रयुक्त स्कूटी को भी बरामद कर लिया गया है। सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरडीएक्स पर सदर थाना कांड संख्या 137/20, 82/21, 113/21, 115/21, 117/21, 123/21 तथा खैरा थाना कांड संख्या 83/20, 103/20, 110/20, 102/21 में भारतीय दंड विधान संहिता की धारा 335, 379, 373, 393, 402, 414, 34, 401 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-बी)ए, 26, 35 आदि को लेकर प्राथमिकी दर्ज था।

उसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। बताते चलें कि बीते दिनों पुलिस ने जिले के खैरा थाना क्षेत्र के सगदाहा से एक अन्य अपराधी को गिरफ्तार किया था। जानकारी मिल रही है कि उसी की निशानदेही पर इस आरडीएक्स को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरडीएक्स बांका जिले के शंभुगंज का रहने वाला है तथा जिले के खैरा थाना क्षेत्र के सगदाहा में उसका ननिहाल है, जहां से वह अन्य साथियों के साथ मिलकर अपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था।