विवाद की वजह बनी जमीन तो अपनी जगह धरी रह गई, अलबत्ता इस विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक शख्स की जान चली गई। झड़प में 8 लोग घायल हो गए जिन का इलाज चल रहा है। घटना को लेकर अपने ही परिवार में तनाव कायम हो गया सो अलग। यह घटना किसी प्रवचन का विषय वस्तु नहीं, बल्कि एक दुखद हकीकत है जो बांका जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत बियाही मोड़ के समीप परही गांव में विगत देर रात हुई।
बांका लाइव / चांदन : बांका जिला अंतर्गत चांदन थाना क्षेत्र के बियाही मोड़ के समीप परही गांव में एक जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो गुटों में गुरुवार की देर रात हिंसक झड़प हो गई। पुलिस के अनुसार गांव के जीवलाल यादव तथा डमरुधर यादव के बीच एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था जिसने गुरुवार की रात करीब 9:00 बजे के आसपास हिंसक झड़प का रूप ले लिया। झड़प में दोनों पक्ष हरवे हथियारों से लैस होकर आमने-सामने हो गए।
झड़प में डमरुधर यादव का पक्ष कमजोर पड़ गया और इस पक्ष के कई लोग बुरी तरह घायल हो गए। इनमें डमरुधर यादव भी शामिल थे जिन्हें घायल होने पर चांदन अस्पताल ले जाया गया। लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक देवघर में डमरुधर यादव की देर रात करीब 11:00 बजे के आसपास मौत हो गई। डमरुधर यादव सिलजोरी पंचायत के पूर्व मुखिया कैलु यादव के पुत्र थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। रात में ही डीएसपी प्रेमचंद्र सिंह ने भी मौके का मुआयना कर मामले की जांच पड़ताल की। बताया जाता है कि पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। इस मामले में शुक्रवार की सुबह तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी थी। पुलिस के अनुसार पीड़ित पक्ष द्वारा शिकायत मिलने पर मामले की प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।