बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले में महिलाओं की लगातार हो रही संदिग्ध मौतों का रहस्य गहरा रहा है। पहले रजौन प्रखंड के नीमा, बारहट थाना क्षेत्र के सबलपुर और फिर शंभूगंज प्रखंड के करणपुर गांव के बाद एक बार फिर से रजौन थाना क्षेत्र के राजावर पंचायत अंतर्गत जबड़ा गांव में एक महिला की रहस्यमय मौत हो गयी। हालांकि जबड़ा गांव के इस मामले को लेकर महिला द्वारा खुदकुशी कर लिए जाने की बात कही जा रही है। वैसे पुलिस मामले की जांच कर रही है, सब कुछ जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत जबड़ा गांव में एक महिला की लाश फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को अपने कब्जे में लेने के बाद जांच पड़ताल शुरू की। मृत महिला का नाम वंदना देवी बताया गया है जिसकी उम्र करीब 25 वर्ष थी। वह इसी गांव के प्रभाकर मंडल की पत्नी बताई गई है।
इस मामले को लेकर पुलिस भी फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का! स्थानीय सूत्रों के मुताबिक मृतका का पति शराब के नशे में अक्सर उसके और परिवार वालों के साथ दुर्व्यवहार करता था। गांव के कुछ लोग मानते हैं कि शायद इसी गुस्से में वंदना देवी ने आत्महत्या कर ली।
इधर, पुलिस के मुताबिक मृतका वंदना देवी के मायके वालों को सूचना दी गई है। उनकी रिपोर्ट पर ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पड़ताल के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा कि यह मामला हत्या का है अथवा आत्महत्या का! इस बीच पुलिस के मुताबिक वंदना देवी की मौत के बाद उसका पति प्रभाकर मंडल फरार हो गया बताया गया है।
उल्लेख्य है कि इससे पहले रजौन थाना क्षेत्र के ही नीमा गांव में एक महिला की कथित रूप से पेट दर्द की वजह से मौत हो गई थी। इस मामले में हालांकि मृतका की मां के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला थाना में दर्ज किया गया है। कुछ रोज बाद शंभूगंज थाना क्षेत्र के भी करनपुर गांव में एक महिला की मौत पेट दर्द से हो जाने की खबर सामने आई। इससे पहले भी बारहट थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था। खास बात है कि ऐसे करीब-करीब सभी मामलों में मृत महिलाओं का एज ग्रुप लगभग समान रहा है। इन सभी मामलों पर पुलिस की पड़ताल जारी है। लेकिन एक के बाद एक लगातार महिलाओं की इस तरह हो रही संदिग्ध मौतों को लेकर सवाल जरूर खड़े हो रहे हैं। इन सवालों के जवाब तो पुलिस ही दे सकती है, लेकिन जांच पूरी हो जाने के बाद, जो फिलहाल जारी है!