बांका लाइव ब्यूरो : जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार आज एक दिवसीय बांका दौरे पर पहुंच रहे हैं। वे यहां एक आम सभा को संबोधित करेंगे। कन्हैया कुमार की सभा बांका जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर बाराहाट के भेड़ामोड़ मैदान में दोपहर बाद 1:00 बजे आयोजित होगी।

खबर है कि कन्हैया कुमार के साथ जाप के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, ए आई एम आई एम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान एवं भीम आर्मी के बिहार चीफ मनोज भारती भी सभा को संबोधित करेंगे। जाप के बांका जिला अध्यक्ष रफीक आलम एवं युवा जिलाध्यक्ष गौरव सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
ज्ञात हो कि हाल के वर्षों में कन्हैया कुमार कई मामले को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा एवं बहस के केंद्र में रहे हैं। उनके यहां आगमन को लेकर आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कल से ही इस आयोजन की सूचना माइकिंग कर लोगों को दी जा रही है। बताया गया कि पहले यह कार्यक्रम बांका जिला मुख्यालय के कुंवर सिंह मैदान में आयोजित होना था। लेकिन बाद में बदलकर इसे भेड़ामोड़ बाराहाट के मैदान में कर दिया गया।
आयोजकों के मुताबिक कन्हैया कुमार, पूर्व सांसद पप्पू यादव एवं अन्य नेता बांका से पहले भागलपुर जिला अंतर्गत पुरैनी में आमसभा को संबोधित करेंगे। बांका जिले में उनके आगमन एवं सभा की तैयारियों को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी व्यापक सुरक्षा तैयारियां की गई हैं।