
बांका लाइव / चांदन : बांका जिले में सोमवार को फिर एक भीषण हादसा हुआ है। इस हादसे में बाबाधाम जा रही एक टाटा मैजिक मिनी ट्रक तेज रफ्तार में पलट गई जिससे इस पर सवार 15 तीर्थयात्री घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने चांदन अस्पताल में दाखिल कराया जहां से पांच गंभीर रूप से घायल तीर्थ यात्रियों को इंटेंसिव इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया है।
यह हादसा बांका- देवघर मार्ग पर चांदन प्रखंड मुख्यालय से ठीक पहले चांदन नदी पर बने पुल के समीप हुआ। सोमवार को सबेरे बिहार के पूर्णिया जिला अंतर्गत झुंन्नीकला पंचायत के गाढ़िया बनवा गांव निवासी एक ही परिवार के डेढ़ दर्जन लोग बच्चे के मुंडन के सिलसिले में बाबाधाम देवघर जा रहे थे। सुबह सुल्तानगंज गंगा घाट पर स्नान के बाद ये सभी तीर्थयात्री अपने वाहन से बाबा धाम के लिए निकले।
जब वे बाबा धाम पहुंचने वाले थे, उससे पहले बांका जिला अंतर्गत चांदन प्रखंड मुख्यालय के समीप चांदन पुल से ठीक पहले उनका वाहन तेज रफ्तार में सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन पर बैठे ज्यादातर लोग घायल हो गए। घायलों में 7 महिलाएं एवं एक किशोर शामिल हैं कुल 15 लोग इस हादसे में घायल हुए। घायलों में रीना देवी, राधा देवी, रंजू देवी, पंडित शिव नारायण पाठक, प्रकाश महाल्दार आदि शामिल हैं।

इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को चांदन अस्पताल पहुंचाया जहां उनका प्रारंभिक उपचार किया गया। 5 तीर्थयात्री ज्यादा गंभीर रूप से घायल थे। इसलिए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया। जख्मी तीर्थ यात्रियों ने बताया कि रीना देवी पति संजय महाल्दार के पुत्र का मुंडन था। रीना देवी ही पूरे परिवार को लेकर मुंडन कराने के लिए देवघर जा रही थी कि रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया।