बांका लाइव ब्यूरो : राष्ट्रीय मानव पार्टी को बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए मान्यता मिल गई है। विधानसभा चुनाव में बिहार के 243 सीटों के लिए राष्ट्रीय मानव पार्टी का चुनाव चिन्ह सिलाई मशीन होगा।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह चौहान ने यह जानकारी देते हुए कहा कि यूं तो राष्ट्रीय मानव पार्टी बिहार के सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का इरादा रखती है, लेकिन कम से कम 30 सीटों पर चुनाव लड़ने का निश्चय कर लिया गया है।
इनमें बांका संसदीय क्षेत्र के 6 सीट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बांका जिला सहित भागलपुर, मुंगेर एवं जमुई जिले की सभी विधानसभा सीटों पर राष्ट्रीय मानव पार्टी के प्रत्याशी जीतने के इरादे से चुनाव लड़ेंगे।
राष्ट्रीय मानव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह चौहान ने कहा कि बिहार की जनता ने अब तक राजनीतिक रूप से सिर्फ और सिर्फ अपना शोषण देखा है। राज्य में शासन के नाम पर मखौल हो रहा है। सत्ताधीशों से लेकर जनप्रतिनिधि तक यहां की जनता को बेवकूफ बनाते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है। जनता चाहती है कि राज्य के शासन की बागडोर और उनका सत्ता में प्रतिनिधित्व युवाओं के हाथों में हो। जनता की अपेक्षाओं को देखते हुए राष्ट्रीय मानव पार्टी बदलाव, विकास और सुशासन के नाम पर इस बार पूरे दमखम के साथ विधानसभा चुनाव में उतरेगी। अपने इसी इरादे के साथ मजबूती से पार्टी ने अभियान शुरू कर दिया है।