BIG BREAKING : बांका- शंभूगंज मुख्य मार्ग पर रामपुर के समीप विलासी पुल भी धंसा
बांका लाइव (ब्यूरो रिपोर्ट) : पहले चांदन पुल टूटा, फिर शंभूगंज के समीप गंगटी नदी पर डायवर्सन ध्वस्त हुआ और अब बांका- शंभूगंज मुख्य मार्ग पर रामपुर के समीप बिलासी नदी पर बना पुल धंस गया है। रामपुर पुल का धसान बुधवार को सबेरे आरंभ हुआ जो धीरे-धीरे बढ़ता ही चला जा रहा है। एहतियातन इस पुल पर से होकर बड़े और भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है।

बांका जिले में सड़क यातायात की समस्या उत्तरोत्तर गंभीर होती चली जा रही है। स्थिति इतनी गंभीर हो चली है कि बांका जिला मुख्यालय का सड़क संपर्क दक्षिण में झारखंड को छोड़ बिहार के अन्य जिलों से कटता चला जा रहा है।
पहले चंदन पुल ध्वस्त होने की वजह से प्रमंडलीय मुख्यालय भागलपुर और झारखंड के गोड्डा व दुमका से बांका का संपर्क भंग हुआ। फिर एक ही माह में दो बार शंभूगंज के पास गंगटी नदी पर बने डायवर्सन के ध्वस्त होने से मुंगेर जिले का संपर्क बांका से कटा। और अब बिलासी पुल के धंसने से जिले के ही पश्चिमी हिस्से से बांका का संपर्क टूटने की स्थिति में है।
हम जिस पुल के धंसने की चर्चा कर रहे हैं, वह बांका- शंभूगंज मुख्य मार्ग पर रामपुर और भरको के बीच बिलासी नदी पर स्थित है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इसी पुल के समानांतर बिलासी नदी पर करीब 3 करोड़ की लागत से एक नए पुल का निर्माण किया जाना है। इसके लिए कार्य आवंटित किए जा चुके हैं। ठेकेदार ने काम भी शुरू किए लेकिन बारिश के मौसम में होने वाली स्थितियों को नजरअंदाज करते हुए नए पुल के लिए खुदाई कर दी गई। जबकि पाइलिंग नहीं हो सकी।

इसका असर साबिक पुल पर पड़ा और धीरे-धीरे बेसमेंट की जमीन धंसने लगी। और अंततः पुल के पायों के धंसने की वजह से पुल बुधवार की सुबह कई स्थानों पर बुरी तरह दरक कर धंस गया। ज्ञात हो कि जिले से होकर गुजरने वाली कई मुख्य सड़कों पर पुलों के क्षतिग्रस्त होने या जाम की समस्या की वजह से ज्यादातर भारी वाहनों का आवागमन फिलहाल इंग्लिशमोड़- शंभूगंज मार्ग से होकर ही चल रहा है।
ओवरलोड वाहनों के दबाव झेल पाने में अब यह पुल असमर्थ है। लिहाजा इस पर से होकर भारी वाहनों के आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। छोटे वाहनों और दोपहिया बाइक की आवाजाही फिलहाल जारी है। लेकिन किसी भी वक्त पुल के धंसने और अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।