अपराधअमरपुरबांका

व्यापार मंडल के गोदाम में लगी आग.. लगी या लगायी गई! पढ़िए माजरा क्या है..

Get Latest Update on Whatsapp

अमरपुर (बांका लाइव ब्यूरो) : बांका जिला अंतर्गत अमरपुर व्यापार मंडल गोदाम में करोड़ों का अनाज पिछले तीन-चार दिनों से जल रहा है। इस गोदाम में आग कैसे लगी या किसने लगाई यह रहस्य बना हुआ है। गोदाम में एक माह पूर्व भी आग लगी थी। तब फायर ब्रिगेड की टीम में आकर किसी तरह आग पर काबू पाया था। गोदाम में करोड़ों का धान भंडारित है। कुछ वर्ष पूर्व व्यापार मंडल के तत्कालीन अध्यक्ष के काल में करीब सवा करोड़ रुपए की हेराफेरी के मामले को लेकर गोदाम को सील कर दिया गया था जो आज तक सील है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पिछले तीन-चार दिनों से गोदाम में रखा अनाज जल रहा है। गुरुवार को गोदाम से काफी तेज निकल रहे धुएं को देखकर आसपास के लोग घबरा गए। अग्निकांड की यह खबर चर्चा में आ गई। एक माह पूर्व भी इस गोदाम में आग लगी थी और भारी मात्रा में आना जला था। तब फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया था। लेकिन एक माह बाद फिर से गोदाम में आग लग जाना संदेह पैदा कर रहा है।

ज्ञात हो कि कुछ वर्षों पूर्व अमरपुर व्यापार मंडल के तत्कालीन अध्यक्ष के खिलाफ करीब सवा करोड़ रुपए के गबन का मामला उजागर हुआ था, जिसके बाद इसकी प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी। मामले की जांच शुरू हुई। इसी दौरान गोदाम को सील कर दिया गया था। यह गोदाम तब से सील है। इसमें रखे अनाज गबन के उक्त मामले में एक महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं। यहां चर्चा है कि उसी साक्ष्य को मिटाने के लिए साजिश रची जा रही है। गोदाम में लगने वाली आग भी इसी साजिश का हिस्सा होने की चर्चा यहां आम है।

खास बात तो यह भी है कि इस गोदाम में लगने वाली आग और इससे होने वाली क्षति की परवाह विभागीय अधिकारियों तक को नहीं है। बताया गया कि एक माह में दूसरी बार लगी आग की सूचना चौकीदार द्वारा दिए जाने के बाद भी आग पर काबू पाने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कोई पहल नहीं की गई। हालांकि बताया गया कि बाद में दमकल आया और आग बुझाने की कोशिश की गई। लेकिन गोदाम से अब भी धुआं निकलने की बात कही जा रही है। ध्यातव्य यह भी है कि कुछ समय पूर्व चोरों ने गोदाम के पश्चिमी हिस्से की दीवार काटकर भारी मात्रा में धान की चोरी भी कर ली थी। कुल मिलाकर सील होने के बाद यह गोदाम लावारिस स्थिति में है।

इस बीच करीब 4 वर्ष पूर्व व्यापार मंडल अमरपुर के हुए चुनाव में सुभाष कनोडिया इसके अध्यक्ष निर्वाचित हुए। लेकिन तब से उन्हें आज तक प्रभार नहीं मिल पाया। इसके लिए उन्होंने काफी प्रयास भी किए। गबन मामले की जांच जारी रहने की वजह से शायद उन्हें उनके पद का प्रभार नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा है कि व्यापार मंडल के गोदाम में पिछले एक वर्ष के दौरान आग लगने की यह तीसरी घटना है। बार-बार गोदाम में आग लगना संदेह उत्पन्न कर रहा है। सरकार को चाहिए कि गोदाम से धान सुरक्षित निकालकर किसी मिलर के जिम्मे कर दें।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button