अपराधबांकाबेलहर

BANKA : जहर खिलाकर युवती की हत्या, करंट लगने से गई शख़्स की जान!

Get Latest Update on Whatsapp

बांका (ब्यूरो रिपोर्ट) : युवती समेत दो लोगों की अकाल मौत से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। दोनों घटनाएं बांका जिला अंतर्गत बेलहर थाना क्षेत्र की बताई गई हैं। इस थाना क्षेत्र के लोढ़िया गांव में जहां एक युवती की उसकी ही सौतेली मां द्वारा जहर देकर हत्या कर देने का आरोप है, वहीं डाढ़ गांव के एक शख्स की जान करंट लगने से चली जाने की बात कही जा रही है। इन दोनों ही मामलों में हालांकि अलग अलग तरह की बातें भी सामने आ रही हैं।

खबरों के अनुसार बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोढ़िया गांव के शंकर रजक की 16 वर्षीय पुत्री शबनम कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की बहन का आरोप है कि सौतेली मां ने जहर देकर उसकी हत्या कर डाली। घटना के बाद से मृतका की सौतेली मां और शंकर रजक की दूसरी पत्नी फूलन देवी फरार हो गई बताई जा रही है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। पुलिस के अनुसार इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ठोस रूप में कुछ कहा जा सकता है।

बताया गया कि शंकर रजक की फूलन देवी से 4 वर्ष पूर्व दूसरी शादी हुई थी। इससे पहले करीब एक दशक पूर्व उसकी पहली पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। मृतक शबनम कुमारी की बहन संध्या कुमारी के मुताबिक सौतेली मां फूलन देवी शबनम को लगातार प्रताड़ित कर रही थी। आखिरकार जहर दे कर उसकी हत्या कर डाली। इससे पहले शबनम की पिटाई भी की गई थी। घरेलू सूत्रों के मुताबिक शंकर रजक की पहली पत्नी से पांच संताने हैं। जबकि दूसरी शादी के बाद फूलन देवी से उसे दो संतान है। पुलिस ने मृतका शबनम कुमारी की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकेगा।

उधर, इसी थाना क्षेत्र (बेलहर) के डाढ़ गांव निवासी एक शख्स की करंट लग जाने से मृत्यु हो जाने की खबर है। हालांकि इसकी सूचना पुलिस को नहीं है। पुलिस ने ऐसी किसी भी सूचना से अनभिज्ञता प्रकट की है। बताया गया कि शख्स अपने घर के पास कहीं बिजली तार जोड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान करंट लगने से उसकी जान चली गई। हालांकि घरवाले भी इस मामले में करंट लगने की बात से इंकार कर रहे हैं। लेकिन चर्चा के मुताबिक शख्स की जान करंट लगने से गई बताई जा रही है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button