बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले में पिछले कुछ दिनों से बम के धमाके और गोलियों की तड़तड़ाहट आम हो गई हैं। बेख़ौफ़ हत्याएं हो रही हैं। अपराधी और हत्यारे कानून और व्यवस्था को खुलेआम हाथ में लेकर घूम रहे हैं। कहीं दिनदहाड़े लूट तो कहीं बम विस्फोट और गोलियों के निशाने पर लोगों की हत्याएं कर रहे हैं।

इस कड़ी में ताजा घटना बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र की है जहां एक जमीन विवाद को लेकर गोली चल गई। गोली लगने से एक बुजुर्ग किसान जहीन यादव उर्फ जहिन्दर यादव की मौत हो गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार चार पांच राउंड गोली चलने की बात कहीं गई है। घटना बेलहर थाना क्षेत्र के नगेल गांव की रविवार शाम की है। इस कांड के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति कायम हो गई है।
बताया गया कि नगेल गांव के जहिन्दर यादव उर्फ जहीन यादव एवं हनुमान यादव के बीच एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी जमीन पर जहिन्दर यादव मकान बना रहे थे जिसे लेकर इधर विवाद काफी बढ़ गया था। इसी विवाद में रविवार की शाम गोली चल गई। कुछ लोगों के मुताबिक गोली दोनों ओर से चलने की बात कही जा रही है। 4-5 चक्र गोली चलने की बात कही गई है। गोलियों के इसी आदान-प्रदान में एक गोली जहीन यादव को लग गई जिससे उनकी मौत हो गई।
हालांकि एक अन्य सूत्र के मुताबिक मवेशी लेकर जहीन यादव जब अपने घर लौट रहे थे और लगभग अपने घर के करीब पहुंच चुके थे, वहीं खेत में पहले से घात लगाकर मौजूद हत्यारों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से किसान जहीन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद सशस्त्र बल के साथ वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की। पुलिस के मुताबिक मामले की छानबीन की जा रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।