बांका लाइव ब्यूरो : लॉकडाउन के दौरान वाहनों से वसूली के मामले में बांका पुलिस अव्वल रही है। इस दौरान करीब 20 हजार वाहनों से 56 लाख रुपये बतौर जुर्माना राशि वसूल की गई है। 7 लोगों पर एफ आई आर दर्ज किया गया है, जबकि 9 दुकानें सील की गई हैं।

एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि लॉकडाउन के दौरान बांका सहित जिले भर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाए गए। सड़कों पर बिना वजह और बिना मास्क के घूमने वाले लोगों पर भी कड़ाई से कार्रवाई की गई। यह सब कुछ लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए किया गया।
उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान अब तक 19 हजार 340 वाहनों से 55 लाख 77 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है। शुक्रवार को भी 775 वाहनों से 1 लाख 30 हजार 500 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है। लॉक डाउन की गाइडलाइंस का पालन नहीं करने के जुर्म में 7 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जबकि प्रतिबंध के बावजूद दुकानें खोलने के जुर्म में 9 दुकानों को सील कर दिया गया है।
एसपी ने बताया कि जिले में बिना मास्क के घूमने वाले हजारों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। ऐसे लोगों से जुर्माना राशि भी वसूली की गई है। एसपी के मुताबिक पुलिस ने बिना मास्क पहने लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 लाख रुपये से अधिक की राशि जुर्माना के तौर पर वसूल की है। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान जारी है और अगले आदेश तक जारी रहेगा।