बांका लाइव ब्यूरो : कोरोना महामारी के इस महा संकट के दौर में भी जगह-जगह लोग लड़ाई झगड़े और आपसी भिड़ंत से सामाजिक माहौल को तनावपूर्ण बनाने में लगे हुए हैं। बांका जिला अंतर्गत ऐसे कई ताजा मामलों में करीब दर्जन भर लोग जख्मी हो गए हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर है तो कुछ का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है। हिंसक झड़पों के इन मामलों में कुछ तो भूमि विवाद और कुछ नशाखोरी की भूमिका रही है।

जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़हरा गांव में गांजा पीकर उत्पात मचा रहे लोगों का विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर कुछ लोगों के साथ बुरी तरह मारपीट की। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। नतीजतन हिंसक झड़प हो गई जिसमें एक महिला समेत पांच लोग जख्मी हो गए। इनमें मोहम्मद सलीम नामक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई। अन्य घायलों में मोहम्मद हिमायत, रियासत आदि शामिल हैं।
उधर इसी थाना क्षेत्र के डफरपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई जिसमें सरिता देवी एवं उनकी बेटी स्वीटी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया कि यह घटना नींव खोदने के सवाल पर हुई। दोनों पक्षों ने अपनी जमीन पर नींव खोदने का आरोप एक दूसरे पर लगाया था। दोनों जख्मियों को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर किया गया।
एक अन्य मामले में रास्ता निर्माण को लेकर उत्पन्न विवाद की वजह से दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना बेलहर थाना क्षेत्र के खुटहरी गांव की है। इस गांव में हुई झड़प में 5 लोगों के जख्मी होने की खबर है। बेलहर थाना क्षेत्र के ही नकटी दौलतपुर गांव में छत पर से जूठन फेंकने को लेकर उत्पन्न विवाद में हुई मारपीट में प्रभात कुमार सिंह नामक एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इन मामलों की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।