अमरपुरदुर्घटनाबांकाबिहार

BANKA BIHAR : आखिर अनाज का क्या कसूर! 5 दिनों से धू-धू कर जल रहा सील गोदाम का हजारों टन अनाज

Get Latest Update on Whatsapp

लीगल जूरिप्रूडेंस और लॉ ऑफ़ नेचुरल जस्टिस कहता है कि कोई भी निर्जीव पदार्थ या वस्तु अपराध नहीं करता। जहां कहीं भी कानून का शासन है ऐसे पदार्थों या वस्तुओं को अपराध का आरोपित करार नहीं दिया जाता, जो निर्जीव हैं। लेकिन बांका जिले में व्यापार मंडल के गोदाम में सील हजारों टन अनाज को आखिर वर्षों से किस जुर्म की सजा दी जा रही है! यह सवाल तो है, लेकिन इसका जवाब किसी के पास नहीं!

बांका लाइव ब्यूरो : बिहार के बांका जिला अंतर्गत अमरपुर स्थित व्यापार मंडल के गोदाम में पिछले 5 दिनों से आग लगी है। धू धू कर हजारों टन अनाज लगातार जल रहे हैं। अब तो गोदाम के भवन को भी आग से भारी क्षति हो चुकी है। लेकिन इसे देखने सुनने वाला कोई नहीं। यह गोदाम पिछले एक दशक से सील है। बताया गया कि अमरपुर व्यापार मंडल के तत्कालीन अध्यक्ष के खिलाफ करीब सवा करोड़ रुपए की राशि की गड़बड़ी का आरोप था और इस मामले की जांच चल रही थी। तब गोदाम को अधिकारियों ने सील कर दिया था।

उक्त मामले की जांच अब तक पूरी नहीं हो सकी है। इस बीच व्यापार मंडल के सदर भी बदल गए। 4 साल पूर्व नए अध्यक्ष का चयन हुआ। लेकिन आज तक उनको प्रभार तक नसीब नहीं हुआ है। इस बीच गोदाम सील है और रह-रहकर इसमें आग लग रही है। पिछले कुछ महीने के दौरान आधे दर्जन बार इस गोदाम में आग लग चुकी है। कई बार फायर ब्रिगेड के दमकल ने मौके पर पहुंचकर बाहर से ही आग बुझाने की कोशिश की। धुआं दब गया, लेकिन आग गोदाम के भीतर सुलगती रही।

इससे हुआ यह कि कुछ रोज बाद गोदाम के अंदर आग फिर से लग गई। 15-16 जून को गोदाम में लगी आग में भारी क्षति हुई थी। इसके कुछ रोज पूर्व भी गोदाम में रखे अनाज में आग लगी थी। कुछ रोज तक गोदाम से धुआं नहीं निकला। लेकिन विगत सोमवार को एक बार फिर से गोदाम को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम के चौकीदार का कहना है कि इस संबंध में बार-बार फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। लेकिन उन्होंने भी इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया।

बुधवार को गोदाम से आग की लपटें बाहर निकलने लगीं तो कोहराम मच गया। मंगलवार को सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची और ना ही आग बुझाई जा सकी। फलस्वरुप बुधवार को आग बुरी तरह फैल गई। आसपास का इलाका गर्म हो गया। धुएं का गुबार वातावरण में छा गया। इधर व्यापार मंडल के वर्तमान अध्यक्ष सुभाष कनोडिया का कहना है कि उन्होंने इस बारे में संबंधित पदाधिकारी को सूचित कर दिया है।

अमरपुर व्यापार मंडल के गोदाम में बार-बार लग रही आग की वजह कुछ खास हो सकती है! इस बात की चर्चा अमरपुर में आम है। इधर आग से अब तक गोदाम में स्टोर हजारों टन अनाज जलकर राख हो चुका है। हालांकि जानकार बताते हैं कि अब भी इस गोदाम के तीन अलग-अलग शेड में करीब 50 हजार क्विंटल से अधिक धान सुरक्षित मौजूद है जो कभी भी आग की लपटों के घेरे में आ कर खाक हो सकता है। इन्हें बचाने के लिए कोई ठोस उपाय विभागीय स्तर पर अब तक नहीं किए जा रहे। बताया गया कि जब गोदाम सील किया गया था तब इसमें करीब 90 हजार क्विंटल धान रखे थे। अगर यह आंकड़ा सही है तो अग्निकांडों की वजह से गोदाम के करीब 40 हजार क्विंटल अनाज अब तक जलकर खाक हो चुके हैं। अब सवाल है कि अनाज को यह सजा क्यों?


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button