बांका

BANKA, BIHAR : जब शासन और जनप्रतिनिधियों ने नहीं दिया ध्यान, बागी जनता ने सड़क पर ही रोप दिया धान

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव न्यूज़ : बांका की जनता ने आज अपना सब्र खोते हुए खेत बन चुकी सड़क पर ही धान की रोपाई कर दी। जब शासन और जनप्रतिनिधियों ने कोई ध्यान नहीं दिया तो बगावत करते हुए नागरिकों ने खेत बन चुकी सड़क पर ही धान रोप दिया। मामला बांका- दोमुहान सड़क का है जिस की बदहाल स्थिति ने इस क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों का जीना वर्षों से मुहाल कर रखा है। इस सड़क की यह स्थिति तब है, जब क्षेत्रीय विधायक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री का घर इसी सड़क के किनारे एक गांव में है।

बांका शहर से दक्षिण नगर परिषद क्षेत्र से बाहर निकलते ही बांका- दोमुहान- मोहनपुर (देवघर) रोड की हालत किसी नर्क से कम नहीं। पिछले कुछ वर्षों से यह स्थिति लगातार बनी हुई है। खासकर इस बारिश के मौसम में यह अंतरराज्यीय सड़क खेत बहियार बन गयी है। बांका से दोमुहान तक इस सड़क की स्थिति सर्वाधिक खराब है जिस पर वाहनों को लेकर दूर, पैदल चलना भी मुश्किल है। लोग समय-समय पर इस सड़क की बदहाली दूर कर लोगों को त्राण दिलाने की मांग शासन तंत्र, संबंधित विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से करते रहे हैं। लेकिन लोगों का आरोप है कि इस पर कभी किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया।

इधर कुछ वर्षों से बांका से दोमुहान तक रात- दिन होने वाली बड़ी-बड़ी ट्रकों से बालू की ढुलाई की वजह से सड़क की स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई है। लोग सड़क की इस बदहाल स्थिति से त्रस्त होकर आखिरकार बगावत पर उतर आए। रविवार को उन्होंने इस सड़क पर बांका शहर के बाहरी हिस्से में जितारपुर मोड़ के समीप स्थानीय प्रशासन, संबंधित विभाग एवं क्षेत्रीय सांसद- विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खेत बन चुकी सड़क पर धान रोप दिया। इस आयोजन का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता एवं विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी मान ठाकुर ने किया।

इस अवसर पर मान ठाकुर ने कहा कि अब इस सड़क के मुद्दे पर आंदोलन को गति दी जाएगी। आंदोलन का विस्तार किया जाएगा। जब तक सड़क की बदहाली दूर नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। इसी आंदोलन के तहत रविवार को यहां धान रोपने का कार्यक्रम किया गया। इससे पहले लकड़ीकोला गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सुमित कुशवाहा ने इस सड़क की बदहाली को दर्शाते हुए सोशल मीडिया में अभियान चलाया था, जिस पर संज्ञान लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मान ठाकुर ने आंदोलन की अगुवाई की।

रविवार को इस कार्यक्रम में सुमित कुशवाहा के साथ-साथ अनूप सिंह कुशवाहा, त्रिपुरारी पंडित, बादल कुशवाहा, त्रिपुरारी शर्मा, दिवाकर मंडल, श्याम मंडल, रोशन कुमार, रवि मंडल, फुल कुमार आदि दर्जनों क्षेत्रीय युवा ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। ये सभी अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। उन्होंने इस अवसर पर संबंधित विभाग, प्रशासन तंत्र एवं बांका के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर मान ठाकुर ने कहा कि इस मार्ग की बदहाली से प्रभावित होने वाले 15 गांवों में भिक्षाटन कार्यक्रम चलाया जाएगा जिससे अर्जित राशि जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को सड़क निर्माण की मांग के साथ भेजी जाएगी।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button