अपराधबांका

BANKA, BIHAR : नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, सात गिरफ्तार

Get Latest Update on Whatsapp

कृषि विज्ञान केंद्र बांका की साइट हैक कर चलाए जा रहे फर्जीवाड़े से खुली पोल, ग्लेज इंडिया के कर्मचारी हैं गिरफ्तार युवक

बांका लाइव ब्यूरो : बांका में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े अंतर जिला गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सभी युवक बांका जिला मुख्यालय में विजयनगर चौक पर स्थित ग्लेज इंडिया नाक एजेंसी के कर्मचारी हैं। पुलिस गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के क्रम में ठगी के उनके कारोबार के एक बड़े सिलसिले का रहस्योद्घाटन होने की बात सामने आ रही है।

बताया गया कि ग्लेज इंडिया के ये कर्मचारी इन दिनों कृषि विज्ञान केंद्र बांका की साइट को हैक कर इसी के जरिए भोले भाले युवकों को कृषि विज्ञान केंद्र में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठग रहे थे। इस बात की जानकारी किसी तरह कृषि विज्ञान केंद्र बांका के साइंटिस्ट डॉ धर्मेंद्र कुमार को हुई तो उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फौरन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए युवक दरभंगा, आरा, छपरा, समस्तीपुर एवं जमुई के रहने वाले हैं। ये सभी बांका में ग्लेज इंडिया मैं काम कर रहे थे। ये कंपनी की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र की साइट हैक कर नौकरी देने के नाम पर अनेक भोले भाले युवकों को अपने जाल में फंसा कर मोटी रकम ठग रहे थे। इन युवकों की गिरफ्तारी के बाद कृषि विज्ञान केंद्र के साइंटिस्ट डॉ धर्मेंद्र कुमार ने भी थाना पहुंचकर पूरी जानकारी पुलिस को उपलब्ध करायी।

साइंटिस्ट डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि काफी दिनों से ग्लेज इंडिया कंपनी की ओर से ये युवक भोले वाले युवकों को अपने जाल में फंसा कर उनकी ठगी कर रहे थे। इधर थानाध्यक्ष शंभू यादव ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। विदित हो कि ग्लेज इंडिया कंपनी बांका में काफी दिनों से कार्यरत है। यह कंपनी बांका के अलावा अन्य जिलों के बेरोजगार युवकों को भी नौकरी का प्रलोभन देकर बांका लाती है और यहां प्रशिक्षण देने के नाम पर उन्हें रखकर उन्हें सब्जबाग दिखाते हुए उनसे मोटी रकम ऐंठती है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button