बांका

BANKA BIHAR : बांका में धूमधाम से मना आजादी का जश्न, शान से लहराया तिरंगा

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : बांका सहित जिले भर में आजादी का जश्न धूमधाम से मना। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर जिला मुख्यालय सहित बांका जिले के सभी प्रखंडों में समारोह आयोजित कर राष्ट्रीय ध्वज फहराए गए। अनेक स्थानों पर खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। स्वतंत्रता दिवस पर पूरे दिन बांका जिले में जश्न का माहौल रहा।

मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित आरएमके ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी सुहर्ष भगत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर सुरक्षा बलों की विभिन्न टुकड़ियों ने भारतीय ध्वज को संयुक्त सलामी दी। इससे पहले सजे-धजे खुले वाहन से जिलाधिकारी सुहर्ष भगत एवं एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने सुरक्षा बलों की संयुक्त परेड एवं सलामी गारद का निरीक्षण किया।

स्वाधीनता दिवस पर राष्ट्रीय झंडोत्तोलन के बाद जिलाधिकारी सुहर्ष भगत ने बांका वासियों के नाम अपने संबोधन में इस जिले की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए हुए संघर्ष में बांका जिले का अहम योगदान रहा है। उन्होंने इस अवसर पर बांका जिले की मिट्टी से जुड़े अमर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उन्हें जिले वासियों की ओर से नमन किया।

जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि बांका जिले में रोज विकास के एक नए आयाम जुड़ रहे हैं। इन्हें आगे बढ़ाने में जन सहयोग भी एक प्रमुख कारक रहा है। जिले में चल रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास के आयोजनों की चर्चा करते हुए उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बांका जिले में विकास का पहिया नहीं रुकेगा।

स्वाधीनता दिवस पर समाहरणालय में भी जिलाधिकारी सुहास भगत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जबकि एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने पुलिस लाइन में समारोहपूर्वक राष्ट्रीय झंडोत्तोलन किया। इधर अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम मनोज कुमार चौधरी एवं अनुमंडल पुलिस कार्यालय में एसडीपीओ दिनेश चंद्र श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। नगर परिषद में मुख्य पार्षद संतोष कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

स्वाधीनता दिवस पर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों सहित जिला न्यायालय, सिविल कोर्ट, जिला विधिज्ञ संघ एवं जिला एडवोकेट एसोसिएशन में भी धूमधाम से राष्ट्रीय झंडोत्तोलन किए गए। उधर मंडल कारा, प्रधान डाकघर, सदर अस्पताल, पुरानी अस्पताल, सिविल सर्जन कार्यालय, टेलीफोन एक्सचेंज, प्रखंड कार्यालय, शिक्षा विभाग, निबंधन कार्यालय, सर्वजनिक महावद्यालय सर्वोदय नगर आदि में भी राष्ट्रीय ध्वज धूमधाम से फहराए गए। जबकि बांका जिले के अमरपुर, कटोरिया, बौंसी, धोरैया, रजौन, शंभूगंज, चांदन आदि प्रखंडों में भी स्वाधीनता दिवस के अवसर पर समारोह पूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराए गए। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद का भी आयोजन हुआ।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button