
बांका लाइव ब्यूरो / बौंसी : बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र में बुधवार को सबेरे दो बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल युवकों को स्थानीय रेफरल अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद सघन चिकित्सा के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है। घटना बौंसी थाना क्षेत्र के बौंसी- गुरिया रोड में गुरिया स्कूल के आसपास हुई।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि बुधवार को सबेरे करीब 7- 8 बजे के आसपास बौंसी थाना क्षेत्र के ही काजी कैरी एवं गजियाडीह निवासी दो युवक बाइक से कहीं आ जा रहे थे। दोनों काफी तेज रफ्तार में थे। जब वे गुरिया स्कूल के पास पहुंचे, तभी उनके बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद दोनों बाइक से दूर फेंका गए।
इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर संजय सुमन ड्यूटी पर थे। उन्होंने दोनों घायलों का उपचार किया। लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ संजय सुमन ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया।