बांका लाइव डेस्क : बांका पुलिस को आज एक बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने लूटपाट की एक बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे दो कुख्यात अपराधियों को बाइक समेत धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों के पास से देसी पिस्तौल, कारतूस एवं मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।
![](https://bankalive.net/wp-content/uploads/2020/05/IMG-20200515-WA0028_copy_640x441.jpg)
बांका के पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार गुप्ता को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराध के एक बड़े कांड को अंजाम देने के लिए कुछ हथियारबंद अपराध कर्मी बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं।
सूचना पाते ही एसपी श्री गुप्ता ने अपराधियों को धर दबोचने के लिए सघन नाकेबंदी कर दी। उन्होंने अपराधियों के मूवमेंट को लेकर मिली खुफिया जानकारी के आधार पर बाराहाट थाना अध्यक्ष अवर निरीक्षक परीक्षित पासवान एवं बौंसी थानाध्यक्ष अवर निरीक्षक राजेश कुमार यादव को सतर्क करते हुए संभावित मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में दो संदिग्ध व्यक्ति एक मोटरसाइकिल से रजौन की ओर से महाराणा चौक की ओर आते दिखे। लेकिन पुलिस को देख कर वे भागने लगे। पुलिस को संदेह हुआ तो उन दोनों का पीछा किया। पुलिस ने खदेड़ कर दोनों को आखिरकार पकड़ लिया। उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से एक देशी कट्टा, दो कारतूस तथा दो मोबाइल बरामद किए गए।
एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार अपराधकर्मियों ने अपना नाम क्रमशः अवधेश चौहान, ग्राम तेलौंन्धा, थाना धोरैया, जिला बांका एवं मिथिलेश ठाकुर, ग्राम बिरनीगढ़ी, थाना बाराहाट, जिला बांका बताया। उनसे पूछताछ की जा रही है। आरंभिक पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी योजना सीएसपी संचालक से लूटपाट करने की थी।
एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों अपराध कर्मियों के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई संगीन मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया की गिरफ्तार अपराध कर्मी अवधेश चौहान के खिलाफ धोरैया थाना कांड संख्या 11/ 18 धारा 395 भादवि, बांका (बाराहाट) थाना कांड संख्या 544/ 19 आर्म्स एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, बांका (बाराहाट) थाना के ही कांड संख्या 542/ 19 आर्म्स एक्ट एवं बांका (बाराहाट) थाना कांड संख्या 288/ 20 दर्ज हैं।
जबकि अपराध कर्मी मिथिलेश ठाकुर के खिलाफ धोरैया थाना कांड संख्या 11/ 18 धारा 395 आईपीसी, बांका (बाराहाट) थाना कांड संख्या 272 एवं 273/ 2020 हत्या की कोशिश एवं आर्म्स एक्ट दर्ज हैं। दोनों अपराधियों से पूछताछ जारी है। एसपी के अनुसार पूछताछ में इन दोनों अपराधियों से अन्य अपराधिक गतिविधियों को लेकर भी कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।