पिछले 2 दिनों में 7 हुई बांका जिले में वज्रपात से मरने वालों की संख्या
बांका लाइव ब्यूरो : बांका में आज आसमान से कहर बरपा। जिले के अलग-अलग हिस्सों में आज बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आकर 5 जानें गईं। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। एक अन्य घटना में एक महिला वज्रपात की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई, जबकि सात बकरियों के भी झुलस जाने की खबर है। इससे पहले सोमवार को भी वज्रपात की चपेट में आकर बांका जिले के विभिन्न हिस्सों में एक महिला समेत दो की मौत हो गई थी।
विगत 2 दिनों में बांका जिले में वज्रपात से मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। बांका जिले में आज दोपहर बाद जोरदार बारिश हुई। बारिश देर रात तक जारी है। इस बीच आज दोपहर बारिश शुरू होने के साथ ही आसमान में तेज गर्जना के साथ बिजली की चिंगारी उड़ने लगी। जगह-जगह वज्रपात हो रहे थे।
इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आकर जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र में दो महिलाओं की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एक महिला की मौत कटोरिया रेलवे स्टेशन के समीप जबकि दूसरी महिला की मौत प्रखंड के ही एक गांव में वज्रपात की चपेट में आकर हो गई। वज्रपात की एक अन्य घटना जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत डूमरजोर गांव में हुई जहां एक व्यक्ति की इसकी चपेट में आकर मौत हो गई।
इधर आज ही रजौन प्रखंड के सिंहनान पंचायत के पूर्व मुखिया योगेंद्र पासवान के पुत्र अमरजीत पासवान की मौत उस वक्त वज्रपात की चपेट में आकर हो गई जब वह अपने खेत में बिचड़े की स्थिति देखकर वापस घर लौट रहे थे। आज ही वज्रपात की एक अन्य घटना में दोपहर बांका सदर थाना क्षेत्र के लिकनी कोझी गांव निवासी 45 वर्षीय रामजी राय की मौत वज्रपात से झुलस कर हो गई।
उधर कटोरिया प्रखंड अंतर्गत जयपुर क्षेत्र में आज वज्रपात की चपेट में आकर एक महिला बुरी तरह झुलस गई। इसी हादसे में 7 बकरियों के भी झुलस जाने की खबर है। बांका जिले में बरसात के मौसम में वज्रपात की घटनाएं आम हो गई हैं। हर वर्ष वज्रपात की चपेट में आकर बांका जिले के दर्जनों लोगों की मौतें होती हैं। इस वर्ष यह सिलसिला यहां कुछ ज्यादा ही तेज है। पिछले एक माह के दौरान यहां वज्रपात की चपेट में आकर दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौतें हो चुकी हैं।