बांका में टूटा पिछले तीन दशकों के ठंड का रिकॉर्ड, पारा न्यूनतम स्तर पर
बांका लाइव ब्यूरो : बांका तथा आसपास के इलाके में इस बार पिछले तीन दशकों के ठंड का रिकॉर्ड टूट गया है। पिछले 2 दिनों में यहां पारा 6 डिग्री से नीचे लुढ़क चुका है। अधिकतम तापमान में भी अप्रत्याशित गिरावट आई है। लोग ठंड के मारे सिकुड़ रहे हैं। ठंड की वजह से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई है।
कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। उधर मौसम विभाग का दावा है कि कल से स्थिति में कुछ सुधार की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों ने मंगलवार को न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री के इजाफे का अनुमान व्यक्त किया है।
रविवार को इस क्षेत्र में न्यूनतम तापमान पिछले तीन दशकों के दौरान रिकॉर्ड न्यूनतम स्तर पर रहा। रविवार को यहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को भी स्थिति में बहुत सुधार नहीं है। घने कोहरे और भीषण शीतलहर के बीच न्यूनतम तापमान 7 डिग्री जबकि अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेंटीग्रेड, बुधवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड होने की बात कही गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गुरुवार से एक बार फिर से मौसम में बदलाव का अनुमान है। आसमान में बादलों की मौजूदगी बुधवार प्रारंभ हो जाएगी और गुरुवार को 50 फ़ीसदी तक अनुमान है कि बारिश हो सकती है। बूंदाबांदी और बारिश की आशंका शनिवार तक कायम रहेगी। इसके बाद एक बार फिर से तापमान में भारी गिरावट का अनुमान है। इन स्थितियों से निपटने के लिए मौसम विभाग एवं चिकित्सा विज्ञानियों ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।