बांका लाइव ब्यूरो : बांका में वर्षों से जमे आरजेडी जिलाध्यक्ष को बदल दिया गया है। उनकी जगह युवा एवं तेजतर्रार नेता अर्जुन ठाकुर को बांका जिला आरजेडी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही एक अन्य युवा एवं ऊर्जावान नेता मिठन यादव को राजद संगठन में बांका जिले का प्रधान महासचिव बनाया गया है।

केंद्रीय आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी की मौजूदगी में पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेता लालू प्रसाद यादव की हरी झंडी मिलने के बाद शुक्रवार को पटना में इसकी घोषणा की। बांका जिले में पार्टी संगठन के इस नए एवं बड़े फेरबदल के पीछे इस चुनावी वर्ष में माय समीकरण के साथ-साथ सामाजिक न्याय एवं सोशल इंजीनियरिंग के अन्य समीकरणों को साधने की राजद के केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति मानी जा रही है।
बांका के नए राजद जिला अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर अत्यंत पिछड़ी नाई जाति से आते हैं। वह उच्च शिक्षा प्राप्त हैं। उन्हें कानून की भी डिग्री प्राप्त है और पेशे से अधिवक्ता हैं। साथ ही कई दशकों से राजद के साथ समर्पण भाव से जुड़े रहे हैं। पार्टी संगठन के भी अंदर उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन सफलतापूर्वक किया है। स्वभाव से विनम्र और मृदुभाषी अर्जुन ठाकुर हमेशा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की कोशिश करते रहे हैं।
माना जा रहा है कि उन्हें जिला अध्यक्ष बनाए जाने से पार्टी संगठन एवं जनाधार को उनकी विनम्रता और शालीनता के साथ साथ कुशल संगठन क्षमता का लाभ मिलेगा। उनसे पहले पूर्व विधायक नरेश दास बांका जिला राजद के कई वर्षों तक अध्यक्ष रहे। नरेश दास सीपीआई से राजद में आए हैं। उनके कार्यकाल में राजद बांका जिले में सांगठनिक स्तर पर बहुत मजबूती प्राप्त नहीं कर पाई, ऐसा माना जाता है।
इधर जिले के एक अन्य युवा एवं तेजतर्रार राजद नेता को पार्टी संगठन में जिले का प्रधान महासचिव बनाया गया है। उनकी इस पद पर नियुक्ति की घोषणा भी जिला अध्यक्ष के नाम की घोषणा के साथ-साथ प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने शुक्रवार को की। मिठन यादव दो बार जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। पार्टी के जिला संगठन में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन बखूबी किया है। खासतौर पर युवाओं के बीच लोकप्रिय मिठन यादव को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जिले में पार्टी संगठन और जनाधार को नई ताकत मिलेगी, ऐसा माना जा रहा है।