बांकाराजनीति

बेलहर उपचुनाव : लालधारी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिला अंतर्गत बेलहर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव को लेकर सरगर्मी उफान पर है। प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार अभियान पूरे शबाब पर है। यहां से हालांकि दो निर्दलीय सहित चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, लेकिन मुख्य लड़ाई राजद प्रत्याशी पूर्व विधायक रामदेव यादव एवं जदयू प्रत्याशी लालधारी यादव के बीच है।

दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में जहां स्थानीय कार्यकर्ता जी जान लगाए हुए हैं, वहीं उनके लिए प्रचार अभियान को गति देने स्टार प्रचारकों के क्षेत्र में पहुंचने का सिलसिला भी तेज हो गया है। रामदेव यादव क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। जबकि लालधारी यादव पहली बार चुनाव मैदान में हैं। वह बांका के जदयू सांसद गिरधारी यादव के अनुज हैं।

इस बीच जदयू प्रत्याशी लालधारी यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार अभियान के लिए बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता सुशील मोदी भी आज यहां पहुंचे। राजेंद्रनगर- बांका इंटरसिटी ट्रेन से वे आज सुबह बांका जंक्शन पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात शहर के सर्किट हाउस रोड स्थित होटल मधुबन बिहार पहुंचे जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर बेलहर विधानसभा उप चुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने को लेकर रणनीतियों पर चर्चा की।

यहां बैठक को संबोधित करने के बाद उप मुख्यमंत्री मोदी बेलहर के लिए रवाना हो गए। पार्टी सूत्रों के अनुसार वह बेलहर में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में बेलहर प्रखंड मुख्यालय में एक रोड शो का नेतृत्व करेंगे। बांका में उन्होंने कहा कि एनडीए ने बिहार को जंगलराज और अराजकतावादी शासन से मुक्ति दिलाई है। जनता एनडीए को दिल से चाहती है। गत लोकसभा चुनाव की तरह बेलहर विधानसभा उपचुनाव का रिजल्ट भी एनडीए के पक्ष में होगा। जनता का झुकाव एनडीए की तरफ है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button