दुर्घटनाबांकारजौन

ब्रेकिंग न्यूज़ : हाईवा से कुचलकर महिला की मौत, विरोध में जबरदस्त आक्रोश, सड़क जाम

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : बिहार के बांका जिले की सड़कों पर करीब 2 सप्ताह से कायम शांति पिछले 2 दिनों से फिर से उखड़ गई है। खासकर भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग पर एक बार फिर से हादसों का सिलसिला आरंभ हो गया है। पिछले 2 दिनों के भीतर इस मार्ग पर रजौन थाना क्षेत्र में दो महिलाओं की मौत वाहनों से कुचलकर हो गई है। जिले का सर्वाधिक संगीन डेंजर जोन बने भागलपुर- दुमका हाई-वे पर लोग निकलने से भी सहम रहे हैं। इसकी वजह इस मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसे ही हैं।

इस मार्ग पर ताजा सड़क हादसा रविवार को हुआ जिसमें 65 साल की एक बुजुर्ग महिला कि एक अज्ञात हाईवा से कुचल जाने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत टेकनी गांव के समीप भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग पर हुआ। महिला को कुचलने के बाद चालक हाईवा लेकर भाग निकला।

इस हादसे के विरोध में क्षेत्र के ग्रामीणों एवं मृतक महिला के परिजनों ने टेकनी के समीप बांस- बल्ला और टायर लगाकर भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान जिले के सर्वाधिक व्यस्त इस मार्ग पर वाहनों का यातायात ठप हो गया। फलस्वरूप बड़ी संख्या में वाहनों की लंबी कतार घटनास्थल के दोनों ओर लग गई।

हादसा एवं सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मुआवजे का आश्वासन देते हुए किसी तरह जाम हटवाने के लिए उन्हें राजी किया। जाम हटाए जाने के बाद ही इस मार्ग पर यातायात चालू हो सका। पुलिस के अनुसार इस हादसे में जिस महिला की मौत हुई उनका नाम बादो देवी बताया गया है जो समीप के श्यामपुर गांव निवासी महेंद्र यादव की पत्नी थी। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है।

सड़क हादसे में घायल महिला की मौत
इससे पहले रजौन थाना क्षेत्र के ही पुनसिया बाजार के समीप शुक्रवार की शाम एक सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान भागलपुर में मौत हो गई। इसकी पुष्टि रजौन थानाध्यक्ष ने की है। बताया गया कि शुक्रवार की शाम पुनसिया बस्ती निवासी एक दंपति स्कूटी से भागलपुर से अपने घर आ रही थी। जब वे अपने घर के नजदीक पुनसिया बाजार तक पहुंच चुके थे, तब एक अज्ञात वाहन उन्हें धक्का मारते हुए निकल गया। इस हादसे में दोनों जख्मी हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button