बांका लाइव / पटना : नौकरशाही के विरूद्ध में मंत्री पद से इस्तीफा देने की बात कहने वाले बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी आज अपना मंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। मंत्री सहनी ने गुरुवार को अपने ही विभाग के पदाधिकारियों द्वारा की जाने वाली मनमानी से नाराज होकर अपना मंत्री पद से इस्तीफा देने की बात कही थी।

मंत्री सहनी ने अपने बयान में कहा था की उनके ही विभाग के अफसर उनकी कोई बात नहीं सुनते हैं और अपनी मनमानी करते हैं। मंत्री बिहार में लगातार होने वाले तबादले से भी खासे नाराज़ थे। उनका कहना था की बिहार सरकार में मंत्री होने के नाते उनका अधिकार है की राज्य में होने वाले तबादलों पर उनसे भी सलाह- मसवरा किया जाए। लेकिन अधिकारी उनसे कोई सलाह-मसवरा करने के बजाय अपनी ही करते हैं। इस प्रकार से अपमानित होकर मंत्री बने रहने का उनका कोई इरादा नहीं है, इसीलिए वो अपना इस्तीफा दे देंगे।
मगर गुरुवार को यह बयान देने के बाद मंत्री ने शुक्रवार को इस मामले पर चुप्पी साध ली। मंत्री ने कहा की शनिवार को वो पटना आकर सबसे पहले मुख्यमंत्री नितीश कुमार से मिलेंगे और मिलने के बाद ही आगे का कोई फैसला लेंगे। जानकारी हेतु बता दें की मदन सहनी दरभंगा के बहादुरपुर से विधायक हैं। कल शुक्रवार वो कुशेश्वरस्थान विधायक शशिभूषण हजारी की अंत्येष्टि में शामिल होने रामपुर रौंता गए थे। इसी बीच उनकी नजदीकियों को राजद नेताओं के साथ देखते हुए, कई तरह के राजनितिक उलटफेर के कयास भी बिहार की राजनीती में लगाए जा रहे हैं।