राजनीति

BANKA : जिले के प्रभारी मंत्री बने रामसेवक सिंह कुशवाहा, जानिए पूरा परिचय

Get Latest Update on Whatsapp
बांका लाइव ब्यूरो : बिहार में नीतीश कुमार द्वारा किए गए नवीनतम मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बांका जिले में कार्यक्रम क्रियान्वयन की निगरानी और समीक्षा की जिम्मेदारी सूबे के समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह कुशवाहा को सौंपी गई है। इससे पहले मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह बांका जिले के प्रभारी मंत्री हुआ करते थे। 


हाल ही में हुए संसदीय आम चुनाव में ललन सिंह के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद बांका जिले के लिए नए प्रभारी मंत्री की जरूरत थी। इसी जरूरत के अंतर्गत समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह कुशवाहा को बांका जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह कुशवाहा गोपालगंज जिले के हथुआ से विधायक हैं।
इसी हथुआ विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद का पैतृक गांव फुलवरिया भी पड़ता है। रामसेवक सिंह कुशवाहा जमीन से जुड़े आम आदमी के नेता माने जाते हैं। उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत गांव पंचायत से हुई। वर्ष 2001 में राजनीति के क्षेत्र में उनके पदार्पण के साथ वह मुखिया बने। तत्पश्चात वह लगातार चार बार से विधायक हैं।
नई व्यवस्था के तहत राज्य सरकार के एक आदेश के अंतर्गत रामसेवक सिंह कुशवाहा बांका जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किए गए हैं। जैसा कि माना जाता है श्री कुशवाहा जमीन से जुड़े नेता हैं और आम लोगों की समस्याओं एवं परेशानी की समझ उन्हें है, इसलिए बांका जिले के लोगों को भी उनसे उम्मीद है कि वह इस जिले के पूर्व प्रभारी मंत्रियों की तरह सिर्फ औपचारिक प्रभारी ना रह कर यहां की समस्याओं की समीक्षा करते हुए जिले में चल रही विकास योजनाओं को अधिकतम स्तर तक क्रियान्वित कराने में अपनी पूरी क्षमता और सक्रिय भागीदारी पेश करेंगे।
बांका जिले में लोगों की आम पीड़ा यही है कि यहां योजनाओं के नाम पर भारी लूट मची है। जमीन पर काम होते नहीं, लेकिन अरबों की राशि जाया हो रही है। नए प्रभारी मंत्री से लोगों को उम्मीद है कि उनके स्तर से इस पर रोक लगेगी। इससे न सिर्फ विकास योजनाओं की राशि का सदुपयोग होगा, बल्कि जिले की सम्यक समृद्धि और विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा।


Related Articles

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button