बांकाबिहार

BANKA : सीएम नीतीश कुमार ने किया 57 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन

जल जीवन हरियाली यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे बांका के चांदन डैम

Get Latest Update on Whatsapp

बांका : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल जीवन हरियाली यात्रा के क्रम में आज बांका जिले के चांदन डैम शक्ति नगर पहुंचे। विगत 1 वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यह दूसरी चांदन डैम यात्रा थी। मुख्यमंत्री ने आज यहां पहुंचने पर कई योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ 57 करोड़ की लागत से बनी अनेक योजनाओं का उद्घाटन भी किया।

मुख्यमंत्री के आज के बांका आगमन को लेकर जिले में कई दिनों से प्रशासनिक तैयारियां चल रही थीं। चांदन डैम तथा आसपास के इलाके को दुल्हन की तरह सजाया गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज इस सजावट का दीदार भी किया और पुलकित हुए। उन्होंने चांदन डैम तथा अगल-बगल के इलाके में स्थित लक्ष्मीपुर राजघराने के ऐतिहासिक धरोहरों, पौराणिक अवशेषों तथा खास रानी तालाब को भी देखा।

बेशक, लक्ष्मीपुर राजघराने से जुड़े ऐतिहासिक धरोहरों के दिन इस बार मुख्यमंत्री के आगमन के कार्यक्रम से बहुरे। खासकर रानी तालाब तथा महल के ऐतिहासिक मंदिर एवं अन्य अवशेष की सूरत सीएम की इस यात्रा को लेकर की गई तैयारियों ने बदल दी। ये ऐतिहासिक धरोहर दशकों से उपेक्षित पड़े थे।

मुख्यमंत्री ने चांदन जलाशय के पुनर्निर्माण से जुड़े डैम के सुरक्षात्मक कार्य, सुखानिया एवं डकाय बियर के साथ-साथ अन्य संरचनाओं के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का भी इस अवसर पर उद्घाटन किया। उन्होंने इस मौके पर जल जीवन हरियाली कार्यक्रम के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश अधिकारियों को दिया।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी है। वरना मानवता संकट में पड़ जाएगी। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण एवं जल संरक्षण पर उन्होंने जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें कुछ ऐसा करना चाहिए जिससे आने वाली पीढ़ियां लाभान्वित हो सकें।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस कार्यक्रम के दौरान बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा, समाज कल्याण मंत्री रामसेवक हजारी, राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल, क्षेत्रीय सांसद गिरधारी यादव सहित राज्य के अनेक आला अफसर मौजूद थे। चांदन डैम शक्तिनगर में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री अपने काफिले के साथ भागलपुर जिला अंतर्गत भूलनी पंचायत के चाड़ा बड़गांव में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए रवाना हो गए।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button