अपराधकटोरियाबांकाबौंसी

BANKA : एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई में अवैध वसूली व अभद्र व्यवहार के आरोपी दो कृषि समन्वयक बर्खास्त

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई में बांका जिले के दो कृषि समन्वयक सेवा मुक्त कर दिए गए हैं। इनमें से एक बाराहाट प्रखंड के कृषि समन्वयक हैं तो दूसरे कटोरिया प्रखंड के। दोनों पर अलग-अलग संगीन आरोप थे। उन पर लगे आरोपों की जांच के बाद पुष्टि होने पर उनकी बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई। जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा जारी एक आदेश में दोनों कृषि समन्वयकों को 19 जून की तारीख से बर्खास्त कर दिया गया है।

बाराहाट प्रखंड के कृषि समन्वयक रजनीश कुमार को अवैध वसूली के आरोप में बर्खास्त किया गया है। जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र के मुताबिक भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग पर जिले के भलजोर चेक पोस्ट पर तैनात कृषि समन्वयक रजनीश कुमार पर वाहनों से अवैध वसूली के आरोप थे, जिसकी अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा की गई जांच में पुष्टि हुई थी। ज्ञात हो कि भलजोर चेक पोस्ट पर वाहनों से अवैध वसूली करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद मामले की जांच की गई थी।

उधर कटोरिया प्रखंड के कृषि समन्वयक शंभू शरण को भी बर्खास्त कर दिया गया है। उन पर विभागीय डाटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश कुमार के साथ अभद्र व्यवहार एवं जान मारने की धमकी देने का आरोप था। इस संबंध में डाटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश कुमार ने 30 सितंबर 2020 को ही एक शिकायत दर्ज कराई थी जिसकी विभागीय जांच कराई गई। जांच में आरोपों की पुष्टि हुई। यही नहीं जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद कृषि समन्वयक ने इस संबंध में एक लिखित माफीनामा भी दिया जिसमें विभागीय डाटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश कुमार के साथ की गई गलती स्वीकार करते हुए आगे से ऐसा नहीं करने की बात कही गयी।

जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि जांच में मिले तथ्यों और स्वयं कृषि समन्वयक शंभू शरण द्वारा स्वीकारोक्ति के साथ माफीनामा पेश किए जाने से इस बात की पुष्टि होती है कि उन्होंने बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली 1976 के नियम 03 (1) एवं 04 का उल्लंघन किया। इसी आरोप में उन्हें बर्खास्त कर दिया गया। जबकि बाराहाट के कृषि समन्वयक रजनीश कुमार को बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली 1976 के नियम 03 (1) के उप नियम ।, ।। तथा ।।। के उल्लंघन का दोषी पाकर बर्खास्त किया गया।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button