बांका लाइव संवाददाता : घर में सोये एक छात्र की कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी गयी। घटना बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र के खाड़ीपर गांव की है। इस जघन्य हत्याकांड को आधी रात को हत्यारों ने अंजाम दिया। मामले में छह आरोपियों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया गया है।
जानकारी के अनुसार कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खाड़ीपर गांव में शनिवार को आधी रात के आसपास कुछ लोगों ने उस वक्त कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मार डाला जब वह अपने घर में भाई के साथ सो रहा था। मृतक छात्र का नाम पवन राय बताया गया है जिसकी उम्र करीब 19 वर्ष थी और वह नरेश राय का कनिष्ठ पुत्र था।
पवन इंटरमीडिएट का छात्र था और देवघर में रहकर पढ़ाई करता था। दो दिन पहले ही वह अपने घर आया हुआ था। बताया गया कि इस घटना के नामजद आरोपियों से उसके परिवार का भूमि विवाद चल रहा था। इस घटना को लेकर मृतक पवन राय के पिता द्वारा पुलिस को दिए बयान में गांव के ही 6 लोगों भरत राय, विनोद राय, रणजीत राय, चंदन राय, गुड्डू राय एवं होरला राय को इस हत्याकांड के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आरोपित किया गया है।
पुलिस के अनुसार इस मामले के छह में से दो आरोपियों चंदन राय एवं गुड्डू राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पवन राय अपने बड़े भाई गोविंदा के साथ घर के आंगन से लगे बरामदे में चौकी पर सोया था। जबकि उसके पिता बगल ही में खाट पर तथा मां जमीन पर सोई थी। आसपास घर के अन्य सदस्य भी कमरे में सोये थे। रात के करीब 12:00 बजे सभी हत्यारे दीवार फांद कर घर के अंदर घुस गए और उन्होंने कुल्हाड़ी से काटकर पवन की हत्या कर दी।