कटोरियाबांकाराजनीति

BANKA : भोजन के लिए बवाल काट रहे प्रवासी श्रमिकों का विधायक पर हमला, आर्म्स छीनने का आरोप

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले के ज्यादातर क्वॉरेंटाइन सेंटरों पर भोजन पानी और दूसरी मूलभूत सुविधाओं के लिए हाहाकार मचा है। विभिन्न क्वॉरेंटाइन सेंटरों पर लगभग रोज इसके लिए वहां रह रहे प्रवासी श्रमिक बवाल काट रहे हैं। वे सड़कें जाम कर रहे हैं। और भी अनेक तरह से प्रशासनिक अधिकारियों का विरोध कर रहे हैं।

इसी क्रम में सोमवार को बांका जिला अंतर्गत कटोरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित कांवरिया धर्मशाला में बनाए गए क्वॉरेंटाइन सेंटर में रह रहे प्रवासी श्रमिकों ने स्थानीय प्रशासन द्वारा उन्हें भोजन पानी नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा। अपने विरोध को बल प्रदान करने के लिए उन्होंने कांवरिया धर्मशाला के सामने कटोरिया- बेलहर  मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।

इसी दौरान बेलहर के राजद विधायक रामदेव यादव अपने अंगरक्षक के साथ बांका से कटोरिया के रास्ते बेलहर जा रहे थे। कटोरिया में कांवरिया धर्मशाला के समीप प्रवासी श्रमिकों ने सड़क जाम स्थल पर उन्हें भी रोक दिया। स्वयं विधायक रामदेव यादव का कहना है कि जब उनका अंगरक्षक प्रवासी श्रमिकों को जाम हटाने के लिए कहने गया तो उन्होंने अंगरक्षक पर ही हमला कर दिया।

विधायक का कहना है कि प्रवासी श्रमिकों ने काफी हो हंगामा करते हुए उनके अंगरक्षक के साथ मारपीट की एवं उनका शस्त्र छीन लिया। हालांकि किसी प्रकार अंगरक्षक ने अपना शस्त्र पुनः हासिल कर लिया। जब विधायक रामदेव यादव ने बीच-बचाव की कोशिश की तो प्रवासी श्रमिकों ने उन पर भी हमला कर दिया। उनके साथ धक्का-मुक्की एवं हाथापाई की। इस दौरान उनकी उंगली में भी चोट लगी है।

स्थानीय सूत्रों ने बताया कि विधायक रामदेव यादव के वहां पहुंचने से पूर्व कटोरिया के अंचलाधिकारी भी प्रवासी श्रमिकों के बीच पहुंचे थे और उन्हें समझाने बुझाने की कोशिश की थी। लेकिन प्रवासी श्रमिकों ने उन्हें भी उनकी उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए वापस लौटने पर विवश कर दिया। प्रवासी श्रमिकों का आरोप था कि उन्हें कांवरिया धर्मशाला में बने क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा तो गया है लेकिन उन्हें भोजन पानी और दूसरी मूलभूत सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं।

इस बीच विधायक रामदेव यादव ने इस घटना को लेकर दो नामजद एवं दर्जनभर अज्ञात लोगों के विरुद्ध कटोरिया थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना की खबर मिलने पर वरीय पुलिस पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की। पुलिस के मुताबिक विधायक की शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि सोमवार की देर शाम तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी आदि की खबर नहीं है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button