अपराधबांका

BANKA : रक्तरंजित हुआ बालू घाट, गोली मारकर मुंशी की हत्या

Get Latest Update on Whatsapp

BANKA : बांका जिले का एक बालू घाट एक बार फिर से रक्तरंजित हुआ है। किसी ने गोली मारकर बालू घाट के मुंशी की हत्या कर दी है। घटना रविवार देर शाम की है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बांका सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरा गांव निवासी 50 वर्षीय अशोक सिंह के रूप में की गई है। वह पथरा बालू घाट पर मुंशी के रूप में काम करते थे। रविवार की देर रात पुलिस लाइन के पीछे से उनकी लाश बरामद की गई। लाश के पास से उनकी बाइक भी बरामद की गई है।

किसी ने पुलिस को सूचना दी थी कि पुलिस लाइन के पीछे एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है। देर रात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को अपने कब्जे में लिया। मृतक की पहचान पथरा गांव निवासी अशोक सिंह के रूप में की गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। लाश के पास पड़ी उनकी बाइक को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है।

वैसे इस घटना को लेकर पुलिस अब तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है कि अशोक सिंह की हत्या की गई या फिर उनकी एक्सीडेंटल डेथ हुई है। एसपी अरविंद कुमार गुप्ता के अनुसार मामले की पड़ताल गंभीरता से की जा रही है। जल्द ही इस मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा। इधर मृतक के परिजनों ने अशोक सिंह की हत्या का आरोप लगाया है जिससे यह मामला काफी संगीन हो गया है।

ज्ञात हो कि बांका जिले में बालू का अवैध कारोबार अब पूरी तरह खून से सन चुका है। बालू घाटों पर वर्चस्व को लेकर होने वाली लड़ाई में पिछले कुछ वर्षों के भीतर बांका जिले में दर्जनों मौतें हो चुकी हैं। बालू माफियाओं का हौसला इतना बुलंद हो चुका है कि वे अब पुलिस पर भी हमले से गुरेज नहीं करते। उस पर तुर्रा यह कि ऐसे मामले होने पर भी पुलिस महज फॉर्मल कार्रवाई तक ही सीमित रह पाती है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button