
बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले के बांका सदर प्रखंड में पंचायत चुनाव के लिए 29 सितंबर को मतदान हुए थे। आज यानी 1 अक्टूबर को इस चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला हो रहा है। यानी इन चुनावों के लिए हुए मतदान में विभिन्न प्रत्याशियों को मिले वोटों की गिनती जिला मुख्यालय स्थित पीबीएस कॉलेज बिल्डिंग में हो रही है। बांका सदर प्रखंड के दो जिला परिषद क्षेत्र एवं 16 पंचायतों के विभिन्न पदों के लिए मतगणना चल रही है। अनेक क्षेत्रों के चुनाव परिणाम सामने भी आ चुके हैं।
शुक्रवार को अपराहन करीब 4:00 बजे तक बांका सदर प्रखंड के 16 में से 11 पंचायतों में हुए मुखिया के चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं। चुनाव परिणामों को लेकर कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल है। कई मुखिया फिर से चुनाव जीत गए हैं तो कुछ निवर्तमान मुखिया को उनके पंचायतों के मतदाताओं ने इस बार सबक सिखा दी है। प्रखंड के 2 जिला परिषद सीटों में से एक में निवर्तमान प्रतिनिधि फिर से चुनाव जीत गए हैं। जबकि एक में पुराने की जगह इस बार एक नए प्रत्याशी ने बाजी मारी है।
मिली जानकारी के अनुसार मुखिया पद के लिए बांका सदर प्रखंड के समुखिया पंचायत से विमल सोरेन चुनाव जीत गए हैं। जबकि दुधारी पंचायत से मुखिया पद के लिए समीना खातून पहली बार चुनाव जीती हैं। बहेरा पंचायत से ऋषिकांत साह एवं करमा पंचायत से कमल कुमार मांझी फिर से मुखिया पद के लिए चुनाव जीत गए हैं। इधर रैनिया जोगडीहा पंचायत से मुखिया पद के लिए रंभा देवी विजयी घोषित की गई हैं।

वहीं तेलिया पंचायत से रेणु देवी फिर से मुखिया पद के लिए चुनाव जीत गई हैं। इससे पहले भी वह मुखिया थीं। उनके पति दिलीप यादव भी उनसे पहले अपने पंचायत से तीन बार लगातार मुखिया रह चुके हैं। लकड़ीकोला पंचायत से इस बार मुखिया पद के लिए श्रीकांत मंडल ने बाजी मारी है। जबकि छतरपाल पंचायत से विनोद यादव फिर से मुखिया बन गए हैं। उधर लोधम पंचायत के निवर्तमान मुखिया को पराजित करते हुए शिवनारायण पंचायत के नए मुखिया बने हैं। जबकि डांड़ा पंचायत से मुखिया पद के लिए बुलबुल कुमारी ने अपनी जीत दर्ज की है। इस बीच अभी-अभी ककवारा पंचायत के मुखिया पद का भी चुनाव परिणाम सामने आ चुका है। ककवारा पंचायत से पूजा रंजन मुखिया पद के लिए चुनाव जीत गई हैं।
बांका सदर प्रखंड में जिला परिषद के 2 सीट हैं। इनमें बांका उत्तरी सीट से मोना मिश्रा ने अपनी जीत दर्ज की है। वह पहली बार इस पद के लिए चुनी गई हैं। मोना मिश्रा सामुखिया पंचायत के पूर्व मुखिया रवि मिश्रा की पत्नी हैं। जबकि बांका दक्षिणी जिला परिषद सीट से मनोज सिंह ने दोबारा अपनी जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अर्जुन ठाकुर को भारी मतों से पराजित किया है। अर्जुन ठाकुर बांका जिला राजद के अध्यक्ष भी हैं। बांका सदर प्रखंड के अन्य पंचायतों के लिए मतगणना जारी है। उम्मीद व्यक्त की जा रही है की सभी पंचायतों के मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम रात तक सामने आ सकते हैं।