दुर्घटनाबांकारजौन

BREAKING : बांका में ओवरलोड ट्रक ने पुलिस जीप को रौंदा, जवान की मौत, एक अन्य जवान घायल

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : यह भीषण हादसा बिहार के बांका जिले में हुआ है जहां सोमवार को तड़के एक ओवरलोड ट्रक पुलिस गश्ती वाहन को रौंदते हुए आगे निकल गया। इस हादसे में एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बांका जिले के रजौन थाना अंतर्गत भागलपुर- हंसडीहा हाईवे पर राजावर मोड़ के समीप हुई। हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकलने में कामयाब रहा।

जानकारी के अनुसार सोमवार को तड़के रजौन थाना के सहायक अवर निरीक्षक संतोष ठाकुर के नेतृत्व में होमगार्ड जवानों की एक टीम थाना के बोलेरो से गश्ती के लिए बाहर निकली थी। रजौन पुलिस की यह टीम थाना से कुछ दूर भागलपुर रोड में राजावर मोड़ के पास भागलपुर- हंसडीहा मुख्य मार्ग पर गाड़ी लगा कर खड़ी थी।

बताते हैं कि इसी दौरान भागलपुर की ओर से एक तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक रजौन की ओर आ रहा था जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन रुकने की बजाय चालक ट्रक से पुलिस गश्ती वाहन को रौंदते हुए आगे निकल गया। इस हादसे में जहां पुलिस गश्ती वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं एक जवान की कुचल जाने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक होमगार्ड का जवान संजू यादव बताया गया है जो बांका जिले के ही बौंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनगामा गांव के रहने वाले थे। इस हादसे में एक अन्य जवान सहदेव चंद्र यादव भी घायल हुए हैं, जिन का इलाज रजौन अस्पताल में चल रहा है। वह भागलपुर जिला अंतर्गत शाहकुंड थाना क्षेत्र के गंगटी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

घटना की खबर सुनने के साथ ही सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार तथा ऑफिसर इंचार्ज बुद्धदेव पासवान घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक जवान का शव एवं हादसे में क्षतिग्रस्त पुलिस गश्ती वाहन को थाना लाया। बाद में मृत जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया। हादसे में घायल जवान सहदेव चंद्र यादव को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

ज्ञात हो कि भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग पर बांका जिला अंतर्गत विभिन्न थानों की पुलिस गश्ती के दौरान इससे पहले भी कई बार हादसे का शिकार हो चुकी है। इससे पहले भी ऐसी ही घटनाओं में रजौन थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष, बौंसी थाना के एक सहायक अवर निरीक्षक तथा बाराहाट थाना के एक जवान की भी मौत हो चुकी है। सोमवार की घटना के दौरान मौके पर मौजूद जवान श्यामसुंदर साह के अनुसार जब वे लोग राजावर मोड़ के समीप खड़े थे, तभी भागलपुर की ओर से आता एक ट्रक उनके बोलेरो को कुचलकर निकल गया, जिससे यह हादसा हुआ। इस मामले में गश्ती पर निकले सहायक अवर निरीक्षक संतोष ठाकुर के बयान पर अज्ञात वाहन और चालक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button