बांका

BREAKING : डॉ विनीता प्रसाद बनीं बांका नगर परिषद की वाइस चेयरमैन, समर्थकों में जश्न का माहौल

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : डॉ विनीता प्रसाद बांका नगर परिषद की नई वाइस चेयरमैन चुन ली गई हैं। वह बुधवार को इस पद के लिए हुए चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुईं। बांका नगर परिषद के वाइस चेयरमैन का पद तत्कालीन वाइस चेयरमैन संतोष सिंह के त्यागपत्र के बाद एक माह से खाली था। संतोष सिंह एक माह पूर्व नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में निर्वाचित घोषित हुए थे।

डॉ विनीता प्रसाद

बांका परिषद के वाइस चेयरमैन पद के लिए बुधवार को हुए चुनाव में चेयरमैन संतोष सिंह सहित 22 वार्ड पार्षदों ने हिस्सा लिया। 26 वार्डों वाले बांका नगर परिषद के एक वार्ड में पार्षद का पद रिक्त है। तीन वार्ड पार्षद बुधवार को वाइस चेयरमैन पद के लिए होने वाले चुनाव से अनुपस्थित रहे, जिनमें पूर्व चेयरमैन रौनक सिंह, माधुरी सिंह एवं राजकुमार रजक शामिल हैं। राजकुमार रजक एक माह पूर्व नगर परिषद के चेयरमैन पद के लिए हुए चुनाव में इस पद के प्रत्याशी थे। हालांकि चुनाव हार गए थे।

डॉ विनीता प्रसाद बांका नगर परिषद अंतर्गत वार्ड नंबर 16 की पार्षद हैं। उच्च शिक्षाधारी डॉ विनीता प्रसाद बांका नगर पालिका के पूर्व वार्ड पार्षद स्वर्गीय रविंद्र नाथ सिन्हा उर्फ विठ्ठल दा की जेष्ठ पुत्र वधू हैं। 90 के दशक में वार्ड पार्षद रहे विट्ठल दा तत्कालीन लोकल पॉलिटिक्स की वजह से बांका नगर पालिका के वाइस प्रेसिडेंट होते-होते रह गए थे। उनकी पुत्रवधू डॉ विनीता प्रसाद ने आज बांका नगर परिषद के वाइस चेयरमैन का पद जीतकर उनके सपनों को पूरा किया है। डॉ विनीता प्रसाद के पति कुमार सेनापति एवं देवर कुमार महारथी शहर के जाने-माने कांट्रेक्टर हैं।

बांका परिषद के वाइस चेयरमैन पद का चुनाव बुधवार को दोपहर अनुमंडल दंडाधिकारी मनोज कुमार चौधरी की देखरेख में संपन्न हुआ। इस पद के लिए डॉ विनीता प्रसाद की ओर से नामांकन पेश किया गया। नगर परिषद के चेयरमैन संतोष सिंह ने वाइस चेयरमैन पद के लिए उनके नाम का प्रस्ताव किया, जबकि वार्ड पार्षद भवानी देवी ने उन्हें अपना समर्थन दिया। डॉ प्रसाद के बाद किसी और प्रत्याशी ने इस पद के लिए अपना नामांकन नहीं किया।

फलस्वरूप निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी मनोज कुमार चौधरी ने डॉ विनीता प्रसाद को बांका नगर परिषद के वाइस चेयरमैन पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। उनके निर्वाचन की घोषणा के साथ ही समर्थकों में जश्न का माहौल कायम हो गया। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। वाइस चेयरमैन पद का चुनाव जीतने के बाद अपने समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ डॉ विनीता प्रसाद ने शहर में स्थित महापुरुषों के स्मारकों पर माल्यार्पण करते हुए नगर परिषद क्षेत्र की बेहतरी और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में अपने हर संभव सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button