अपराधबांकामुंगेर

BREAKING : पेट्रोलिंग पर निकले पुलिस दस्ते के वाहन चालक सैप जवान की ट्रक से कुचल कर मौत

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले की सीमा से लगे मुंगेर जिले के असरगंज थाना पर पिछले दो दिनों से अमंगल का साया मंडरा रहा है। रविवार की रात पुलिस छापामार दस्ते पर शराब माफियाओं के हमले के बाद सोमवार की रात भी असरगंज पुलिस के लिए अमंगल कारी रही। इस रात गश्ती पर निकले पुलिस दस्ते के वाहन चालक सैप जवान की ट्रक से कुचल कर मौत हो गई।

बताया गया कि यह घटना सुल्तानगंज- देवघर मुख्य मार्ग पर असरगंज से सटे मासूमगंज के समीप हुई। असरगंज थाना के सूत्रों के मुताबिक सोमवार की रात असरगंज थाना के सहायक अवर निरीक्षक सरयुग पासवान सशस्त्र बल के साथ थाना के वाहन से नाइट पेट्रोलिंग पर निकले थे। असरगंज से सुल्तानगंज के रास्ते बढ़कर पुलिस दस्ता मासूमगंज के पास मौजूद था।

पुलिस वाहन के ड्राइवर 55 वर्षीय सुरेंद्र प्रसाद वर्मा थे जो सैप के जवान थे। वह इलाहाबाद के रहने वाले थे और पिछले करीब 2 वर्षों से असरगंज थाना के वाहन चालक के पद पर काम कर रहे थे। असरगंज पुलिस के अनुसार वाहन खड़ी करने के बाद वह सड़क की दूसरी ओर लघुशंका के लिए गए थे। वहां से लौटते हुए सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हालांकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार इस हादसे के पीछे अन्य कारण भी बताए जा रहे हैं। कुछ स्थानीय सूत्रों के मुताबिक एक बालू लोड ट्रक से वसूली के दौरान यह हादसा होने की चर्चा है। ट्रक सुल्तानगंज से देवघर की ओर जा रहा था।

ट्रक से कुचलकर पुलिस वाहन चालक सैप जवान सुरेंद्र प्रसाद वर्मा बुरी तरह जख्मी हो गए और अंततः उनकी मौत हो गई। असरगंज थाना के सूत्रों के मुताबिक थाना में दो पुलिस वाहन हैं जिनमें से एक वाहन सैप जवान सुरेंद्र प्रसाद वर्मा चलाते थे, जिनकी इस हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना मृतक सैप जवान के परिवार वालों को दी गई है। असरगंज- तारापुर सहित पूरे मुंगेर जिला पुलिस प्रशासन में इस हादसे को लेकर शोक व्याप्त है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button