बांका लाइव (ब्यूरो रिपोर्ट) : एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। समाज के लोगों की मदद से पुलिस ने हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना बांका जिला अंतर्गत जयपुर थाना क्षेत्र के जयपुर बाजार की है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम जयपुर बाजार में थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित अल्पसंख्यक टोले में यह घटना हुई, जहां एक सनकी पति ने कुल्हाड़ी से काटकर अपनी ही पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। हत्यारे पति का नाम मोहम्मद इदरीश बताया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह सनकी स्वभाव का था।
बताया गया कि शनिवार को उसके परिवार के सभी लोग खेती-बाड़ी के काम से बहियार गए थे। घर में मोहम्मद इदरीश की पत्नी बीवी हलीमा अकेली थी। शाम को जब वह घर में बर्तन धो रही थी, तभी इदरीश वहां आया और बर्तन धो रही अपनी पत्नी बीवी हलीमा के ऊपर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। बीबी हलीमा बुरी तरह घायल होकर वहीं गिर पड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
कुल्हाड़ी के वार से घायल हलीमा की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े। आसपास के लोग जब उसके घर पहुंचे तो इदरीश बीवी की हत्या के बाद उन्हें घर में ही हाथ में कुल्हाड़ी लेकर बैठा मिला। समाज के लोगों ने उसे दबोच लिया। किसी ने इस बीच पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भी फौरन मौके पर पहुंचकर इदरीश को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इदरीश पिछले कुछ दिनों से बहुत ही ज्यादा सनकी व्यवहार कर रहा था। दूसरे लोगों से भी वह अक्सर उलझ जाया करता था। इसी वजह से घर में भी कुछ विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार मृतका हलीमा का मायका जामताड़ा है। उसके मायके वालों को इस घटना की सूचना दी गई है। रविवार तक उसके मायके से परिवार के लोगों के आने की संभावना है। उनके आने के बाद इस मामले की प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।