अपराधगोड्डाझारखंड

GODDA : चोरों ने मचाया आतंक, डॉक्टर व बैंककर्मी सहित 4 घरों से करीब 8 लाख उड़ाये

Get Latest Update on Whatsapp

गोड्डा (झारखंड) : बांका के सीमावर्ती गोड्डा (झारखंड) शहर में चोरों के आतंक ने लोगों की नींद हराम कर रखी है। शहर में चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं से एक ओर जहां आम नागरिक अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, वहीं चोरों ने भी अपनी दबिश बढ़ाकर पुलिस को खुली चुनौती देने का सिलसिला जारी रखा है। चोरों की बढ़ती दबिश के एक ताजा मामले में शुक्रवार की रात गोड्डा शहर के अलग-अलग हिस्से में अलग-अलग लोगों के घर हुई चोरी में करीब आठ लाख की संपत्ति चोर उड़ा ले गए।

चोरों ने यह कारनामा एक डॉक्टर एवं एक बैंककर्मी समेत 4 लोगों के घरों में किया। एक ही रात में चार घरों में हुई चोरी की घटना से शहर के लोग सकते में हैं। हालांकि वे पहले से ही शहर में बढ़ते चोरों के आतंक से रतजगा करने पर विवश हैं। शहर में बाइक चोरी की घटना हो या घरों में होने वाली चोरी के मामले, हाल के दिनों में गोड्डा शहर में काफी तेजी से बढ़े हैं। हाल ही में पुलिस ने बाइक चोरों के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की आधा दर्जन बाइक भी बरामद की थी। अभी 2 दिन पूर्व ही पुलिस को मिली इस सफलता को गत रात के अपने कारनामे से चोरों ने ब्लर करने की जो कोशिश की है, उससे पुलिस भी चिंतित है।

जानकारी के अनुसार गोड्डा शहर के रौतारा मोहल्ले में गत रात डॉ अमरेंद्र कुमार झा के घर से चोरों ने करीब चार लाख के जेवरात एवं 40 हजार की नकदी पर हाथ फेर दिया। डॉक्टर झा के मुताबिक चोर उनके घर में छत और गली के रास्ते घुसे। चोरों ने उनकी खिड़की उखाड़ दी और घर में प्रवेश करते हुए अलमारी से करीब चार लाख के जेवरात एवं 40 हजार की नगदी चुरा लिए। डॉक्टर अमरेंद्र कुमार झा अवकाश प्राप्त हैं। घटना की रात घर में सिर्फ डॉक्टर दंपति ही मौजूद थी। उन्होंने कहा कि सुबह 5:30 बजे नींद खुलने पर उन्हें अपने घर में हुई चोरी का पता चला।

इसी रात चोरी की एक अन्य घटना में गोड्डा शहर के वीआईपी कॉलोनी स्थित बैंककर्मी सुमित कुमार के आवास से अज्ञात चोर करीब तीन लाख के जेवरात चुरा ले गए। उन्होंने कहा कि तड़के करीब ढाई बजे जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने पाया कि एक कमरे का बल्ब ऑफ ऑन हो रहा है। उन्हें आशंका हुई तो उन्होंने घर का मुख्य गेट मुकम्मल बंद कर दिया और शोर मचाया। उस वक्त चोर शायद घर में या आसपास मौजूद थे जो शोर मचाने के बाद भाग निकले। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।

शुक्रवार की ही रात चोरों ने गोड्डा शहर के दो अन्य घरों में भी चोरी का प्रयास किया, हालांकि उन्हें इनमें बड़ी सफलता नहीं मिली। बताया गया कि चोरों ने रौतारा मोहल्ले में ही गोड्डा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य गुलाब साह सहित एक शिक्षक दिलीप झा के घरों में भी चोरी का प्रयास किया। लेकिन उनके घरों में चोरों को कोई खास कामयाबी नहीं मिली। एक घर से चोर सिर्फ एक घड़ी और डिओडरेंट ले जा पाए।

इधर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पांडेय ने चोरी की इन घटनाओं की पुष्टि करते हुए कहा कि वे इन घटनाओं में शामिल गिरोह को ट्रेस करने की कोशिश में लगे हैं। जल्द ही उन्हें बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने डॉ अमरेंद्र झा के घर में हुई चोरी से भी गिरोह का लिंक ट्रेस हो जाने की उम्मीद जताई। खास बात है कि इन सभी मामलों में चोरों का मॉडस ऑपरेंडी समान है, जिससे पुलिस भी इस बात को मानती है कि शायद एक ही गिरोह इन घटनाओं को अंजाम दे रहा है। पुलिस ने इस गिरोह को जल्द ही धर दबोचने की उम्मीद व्यक्त की है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button