अमरपुरदुर्घटनाबांका

BANKA : आग से झुलस कर दो महिलाओं की मौत, पसरा मातम

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले में आग से झुलस कर दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। महिलाओं की मौत दो अलग-अलग हादसों में हुई। दोनों हादसे बांका जिला अंतर्गत अमरपुर थाना क्षेत्र में हुए। आग से हुई मौत की इन वारदातों को लेकर क्षेत्र में मातम का माहौल है।

जिले के अमरपुर थाना अंतर्गत कौशलपुर गांव में एक महिला की मौत आग से झुलस कर रविवार को हो गई। मृतका अधेड़ उम्र की महिला थी जो खाट पर सोई थी। घर वालों ने ठंड से बचाव के नाम पर खाट के नीचे मिट्टी के बर्तन में अंगीठी जला रखी थी।

बताते हैं कि अंगीठी किसी वक्त लहक गई और आग खाट की रस्सी में पकड़ गई। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक खाट की रस्सी प्लास्टिक की थी जो जल्दी ही जल उठी। आग ने खाट पर सोई महिला को अपनी चपेट में ले लिया। महिला बुरी तरह झुलस गई। जब तक घर के लोगों को हादसे की जानकारी हुई और झुलसी हुई महिला को अस्पताल ले जाने की तैयारी हुई तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। महिला का नाम उर्मिला देवी बताया गया है जो गांव के भग्गो यादव की पत्नी थी। हालांकि इस हादसे को लेकर कई लोग अलग-अलग चर्चा कर रहे हैं। 

एक अन्य हादसा अमरपुर थाना क्षेत्र के ही गोपालपुर गांव में हुआ जहां खाना बनाने के दौरान आग पकड़ जाने से एक महिला बुरी तरह झुलस गई। महिला का नाम रीना देवी बताया गया है जो इसी गांव के संजय ईश्वर की पत्नी थी। आग से झुलसने के बाद महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया। रविवार को भागलपुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अमरपुर क्षेत्र में हुए इन दोनों ही हादसों को लेकर मातम का माहौल है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button