अपराधधोरैयाबांका

BANKA : जिंदगी से फ्रस्ट्रेटेड होकर बुजुर्ग ने कर ली खुदकुशी, पेड़ से लटकी मिली लाश

Get Latest Update on Whatsapp
प्रतीकात्मक चित्र

फ्रस्ट्रेशन आदमी से क्या नहीं करा जाता है। ऐसे ही फ्रस्ट्रेशन के शिकार एक बुजुर्ग ने गले में फांसी का फंदा डालकर खुदकुशी कर ली है। मृतक की उम्र करीब 58 वर्ष बताई गई है। घटना बिहार के बांका जिला अंतर्गत धोरैया थाना क्षेत्र में लहोरिया गांव की है।

बांका लाइव न्यूज़ / धोरैया : बिहार के बांका जिला अंतर्गत धोरैया थाना क्षेत्र में पैर पंचायत के लहोरिया गांव में एक बुजुर्ग ने गले में फंदा डाल पेड़ से लटक कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मृतक का नाम अमरेंद्र सिंह बताया गया है जो अपने घर में अकेले रहते थे। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक अमरेंद्र सिंह शराब के आदी थे, जिससे अजीज होकर पत्नी और बच्चों ने उन्हें घर में अकेले रहने पर विवश कर दिया था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक शराब की लत लग जाने के बाद पत्नी और बच्चों ने उन्हें काफी समझाया, लेकिन उन्होंने एक नहीं मानी। आखिरकार पत्नी अपनी पुत्रियों को साथ ले रहने के लिए दुमका चली गई। जबकि उनका पुत्र पहले से कोलकाता में रहता है। अमरेंद्र सिंह घर पर अकेले रह कर खेती गृहस्थी संभालते थे।

इस बीच उनके मन में क्या हलचल मची कि उन्होंने गले में फंदा डालकर पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली! आम के जिस पेड़ से उन्होंने लटककर जान दे दी, वह उनके अपने ही घर के आंगन में है। दोपहर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने के बाद लोगों को आशंका हुई तो किसी तरह दरवाजा खोल लोग उनके घर के भीतर गए। घर के भीतर प्रवेश करने के बाद लोगों ने देखा कि उनकी लाश आम के पेड़ से लटक रही थी।

आसपास के लोगों ने इसकी सूचना मृतक के बड़े भाई शैलेंद्र सिंह सहित परिवार के अन्य लोगों को दी। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि अमरेंद्र सिंह काफी दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनकी मनःस्थिति ठीक नहीं रह गई थी। लेकिन अब किस वजह से उन्होंने खुदकुशी की, अभी पता नहीं चल पाया है। वैसे माना जा रहा है कि जिंदगी से फ्रस्ट्रेटेड होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने के बाद इस मामले में आवश्यक छानबीन की जा रही है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button