कटोरियादुर्घटनाबांका

BANKA : पुलिस से बचने के लिए भागा बाइक सवार पेड़ से टकराया, एक की मौत, एक गंभीर

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : पुलिस से बचने के लिए तेजी से भाग रहा बाइक सवार आखिरकार एक पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बांका जिला अंतर्गत सुल्तानगंज- देवघर मुख्य मार्ग पर तरपतिया के समीप की है।

जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम कटोरिया प्रखंड अंतर्गत होरिलवाटांड़ गांव के दो युवक बिना मास्क लगाए और हेलमेट पहने बाइक से कहीं जाने के लिए निकले। देवघर- सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर जब वे तरपतिया के पास से होकर गुजर रहे थे, तभी उन्होंने पुलिस को देखा।

पुलिस को देखते ही उन्हें ध्यान आया कि उन्होंने ना तो मास्क पहने हैं और ना ही हेलमेट धारण किया है। लिहाजा पुलिस से बचने के लिए वे तेजी से निकलने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने भी सचमुच उनका पीछा कर दिया। फलस्वरूप दोनों बाइक सवार की गाड़ी हवा से बातें करने लगी।

पुलिस को पीछा करते देख तेजी से आगे बढ़ रही उनकी बाइक की स्टीयरिंग पर से उनका नियंत्रण खो गया और बाइक उसी तेज रफ्तार में एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में संतोष कुमार नामक 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथ चल रहा जय किशोर यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जय किशोर को कटोरिया रेफरल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां काफी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया।

इधर क्षेत्र में सक्रिय वरिष्ठ राजद नेता अजय यादव ने इस हादसे के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के पीछा करने से ही घबरा कर युवक दुर्घटनाग्रस्त हुए। ऐसा कुछ नीतीश कुमार और सुशील मोदी के ही राज में संभव हो सकता है। पुलिस खुद पर संयम नहीं रखती और सीधे लाठीचार्ज करती है जिसका फलसफा आज अकारण एक युवक की दुर्घटना में हुई मौत के रूप में सामने आया।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button