दुर्घटनाबांकाबौंसी

BANKA में बड़ा हादसा, मकान की छत गिरने से बालक की मौत, दो बेटियों समेत मां की हालत गंभीर

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव / बौंसी : बिहार के बांका जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर है। इस जिले के बौंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरिया गांव में मकान की छत गिर जाने से इसके मलबे में दबकर एक बच्चे की मौत हो गई जबकि इस हादसे में दो मासूम बेटियों के साथ मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल दोनों बच्चियों एवं उनकी मां को सघन चिकित्सा के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक गुरिया गांव के अनिल मंडल के घर में यह हादसा शनिवार की देर रात उस वक्त हुआ जब घर के सभी लोग सोए हुए थे। अनिल मंडल की पत्नी अपने तीन बच्चों 5 वर्षीय इकलौते पुत्र श्रीकांत मंडल तथा दो पुत्रियों 4 वर्षीय बेबीका एवं 3 साल की प्रिया के साथ एक कमरे में सोई थी।

शनिवार की देर रात जब वे गहरी नींद में थे तभी कमरे की छत भरभरा कर गिर पड़ी, जिसके मलबे में दबकर सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हो- हंगामा होने पर परिवार तथा आसपास के लोगों ने घायलों को जल्दी-जल्दी मलबा हटाकर बाहर निकाला तथा घायलों को रेफरल अस्पताल ले गए। अस्पताल में अनिल मंडल के इकलौते पुत्र श्रीकांत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे में घायल अनिल मंडल की पत्नी कंचन देवी तथा दोनों पुत्रियों बेबीका एवं प्रिया को प्रारंभिक उपचार देकर उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सघन चिकित्सा के लिए उन्हें भागलपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया। परिवार के लोग रात में ही उन्हें लेकर भागलपुर चले गए। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक भागलपुर में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। इस हादसे के बाद अनिल मंडल के घर में कोहराम मच गया है। आसपास के लोग भी इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button