बांका

BIG NEWS : बांका में भीषण तबाही और मौत का पैगाम लेकर आयी चक्रवातीय आंधी, जिले में भारी क्षति

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव (ब्यूरो रिपोर्ट) : कोरोना संकट के बीच चक्रवातीय आंधी ने बांका जिले में भारी तबाही मचाई है। आंधी की चपेट में आकर पेड़ गिरने से इसके नीचे दबकर एक महिला की मौत हो गई है। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। कई मवेशियों के भी मरने अथवा घायल होने की खबर है। भीषण आंधी ने सैकड़ों घरों के छप्पर उड़ा दिए हैं। जबकि सैकड़ों विशालकाय दरख़्त भी जमींदोज हो गए हैं।

मंगलवार की रात बांका जिले के लिए मानो कयामत की रात बन गई। आधी रात के बाद काल पवन की तरह इस जिले में भारी तबाही लेकर भीषण आंधी आई। देखते ही देखते कच्ची घरों के छप्पर हवा में उड़ने लगे। सैकड़ों पेड़ धराशाई हो गए। सड़कों किनारे पेड़ गिरने की वजह से जहां बिजली संचरण लाइनों को भारी क्षति हुई, वहीं सड़कें अवरुद्ध हो जाने से उन पर यातायात ठप हो गया।

बांका शहर से लेकर जिले के गांव कस्बे तक आंधी की तबाही के शिकार बने। आंधी की चपेट में आकर शंभूगंज प्रखंड अंतर्गत लाखा गांव में पीपल का विशालकाय पेड़ एक घर पर गिर गया जिसके नीचे दबकर एक बुजुर्ग महिला 70 वर्षीय भूषणी देवी की मौत हो गई। यहां से एक मवेशी के भी मरने की खबर है।

इधर अमरपुर प्रखंड अंतर्गत नयाचक पवई गांव के एक व्यक्ति का भी पैर आंधी के दौरान पेड़ की टहनी गिरने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अव्वल तो इस जख्मी को पेड़ों के गिरने से जाम हो गई सड़क से होकर अमरपुर अस्पताल तक लाना मुश्किल हो गया। फलस्वरुप जख्मी का इलाज गांव में ही कराना पड़ा।

अमरपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ों के गिरने की खबर है। पेड़ों के गिरने से अमरपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है। बिजली के कई पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उधर खेसर शंभूगंज मार्ग पर पिपरा के पास बिजली संचरण लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली के चार खंभों के ध्वस्त हो जाने की खबर है, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी ठप पड़ गई है। बांका जिला मुख्यालय में भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर आंधी का असर पड़ा।

बांका शहर के पुरानी ठाकुरबाड़ी बगीचे में भी कई पेड़ आंधी के दौरान ध्वस्त हो गए। शहर के विभिन्न हिस्से में अनेक कच्चे मकान की छप्पर भी तेज आंधी की वजह से उड़ गए। जिले के कटोरिया एवं चंदन क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ों के गिरने से यातायात कई घंटे तक अवरुद्ध रहा। जिले के अन्य प्रखंडों में भी आंधी से भारी तबाही की खबर है। आंधी ने आम की फसल को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है।

मंगलवार को दिन में तापमान 41 डिग्री के पार चला गया था। जबकि इसी स्केल पर 49 डिग्री तापमान की फीलिंग्स रिकॉर्ड की गई थी। आंधी का कारण इस क्षेत्र में हवा का निम्न दबाव माना जा रहा है। मंगलवार की आधी रात आई भीषण आंधी के दौरान जमकर बारिश भी हुई, जिससे मौसम का तापमान 8 डिग्री सेंटीग्रेड तक नीचे उतरा। बुधवार को भी आसमान में बादल छाए हुए हैं। तेज ठंडी हवाएं बहने से यहां के लोगों को भीषण गर्मी से आज थोड़ी राहत मिली है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button