डाककर्मी को महंगा पड़ा खाता खोलने के लिए ग्राहक को दौड़ाना, हुई पिटाई
बांका LIVE डेस्क : एक डाककर्मी को ग्राहक से पंगा महंगा पड़ गया. डाकघर में अपना खाता खुलवाने के लिए कई दिनों से दौड़ लगा रहे एक ग्राहक ने तंग आकर आखिरकार डाककर्मी की जमकर धुनाई कर दी. घटना आज शुक्रवार दोपहर की है. डाकघर में हंगामा करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
जिले के बाराहाट मुख्यालय स्थित डाकघर में यह घटना हुई. पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक रविंद्र मंडल बाराहाट थाना अंतर्गत बभनगामा गांव का है. उसने पुलिस के समक्ष कहा है कि वह डाकघर में कई दिनों से अपना खाता खुलवाने आ रहा था. लेकिन डाककर्मी प्रेमशंकर खिरहर उसका खाता खोलने में आनाकानी करते हुए कई दिनों से उसे दौड़ा रहा था. शुक्रवार को भी उसे बुलाया गया था, लेकिन उसका खाता नहीं खोला गया. इस बात की शिकायत दर्ज कराते हुए जब डाकघर के इस रवैया से उसने अपनी नाराजगी व्यक्त की तो उल्टा डाककर्मियों ने ही उसके साथ मारपीट की और उसे जख्मी कर दिया.
इधर डाककर्मियों का आरोप है कि युवक रविंद्र मंडल ने अनावश्यक रुप से डाकघर में हंगामा किया और एक पोस्टल कलर्क प्रेमशंकर खिरहर की पिटाई कर दी. इस दौरान डाकघर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति रही. कुछ स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराने की कोशिश की. पुलिस को भी मामले की सूचना दी गयी. डाककर्मियों की रिपोर्ट पर रविंद्र मंडल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है. जो पक्ष दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.






