बांका कोर्ट के होनहार युवा दीवानी अधिवक्ता किशोर पांडेय का निधन, शोक व्याप्त
बांका लाइव ब्यूरो : सोशल एक्टिविस्ट परिवार से ताल्लुक रखने वाले बांका कोर्ट के होनहार युवा दीवानी अधिवक्ता किशोर पांडेय का आकस्मिक निधन हो गया है। उनका निधन गुरुवार की देर रात को हुआ। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक हार्ट अटैक की वजह से उनका निधन हुआ। दिवंगत अधिवक्ता अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
बांका शहर के अमरपुर रोड बाबू टोला निवासी किशोर पांडेय विश्व हिंदू परिषद के जाने-माने नेता स्वर्गीय नित्यानंद पांडेय के द्वितीय सुपुत्र थे। बीजेपी, आरएस एवं विश्व हिंदू परिषद से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता संतोष पांडेय, अधिवक्ता मनोज पांडेय एवं कांट्रेक्टर सुभाष पांडेय उनके भाई हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को रात 10:00 बजे एकाएक अधिवक्ता किशोर पांडेय की तबीयत बिगड़ी। इससे पहले वह आमतौर पर स्वस्थ थे। गुरुवार को उन्होंने कोर्ट में प्रैक्टिस भी किया था।
रात 10:00 बजे तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बांका सदर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सा सुविधा के नाम पर उन्हें कुछ खास उपलब्ध नहीं हो पाया। परिवार के लोगों ने बताया कि अस्पताल में डायबिटीज टेस्ट के लिए कार्ड तक उपलब्ध नहीं था और ना ही ऑक्सीजन। अधिवक्ता पांडेय को भागलपुर रेफर कर दिया गया। भागलपुर में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। शुक्रवार को तड़के उनका शव बांका स्थित उनके आवास पर लाया गया।
शव के बांका पहुंचते ही उनके घर पर शोकाकुल शुभचिंतकों की भीड़ लग गई। जिसने भी अधिवक्ता किशोर पांडेय के निधन की खबर सुनी, चकित हो गए। उन्होंने वर्ष 1990 में बांका कोर्ट में वकालत प्रारंभ किया था। उन्हें दो पुत्रियां एवं एक पुत्र हैं। पुत्र इंजीनियर है जो बैंगलोर में एक कंपनी में ज्वाइन करने वाला था। लेकिन विडंबना ऐसी कि उन्हें पिता की मृत्यु की खबर सुनकर आनन फानन में वापस लौटना पड़ रही है। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार शाम तक अंतिम संस्कार के लिए उनके शव को गंगा तट पर ले जाया जा सकता है।