राजद के खिलाफ गुस्से में है भाजपा, निकाली रैली, फूंका पुतला
बांका LIVE डेस्क : राष्ट्रीय जनता दल के खिलाफ भाजपा गुस्से में है. आय से अधिक संपत्ति मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के खिलाफ जांच व कार्रवाई को लेकर भाजपा के राज्यव्यापी धरना कार्यक्रम के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटना स्थित भाजपा कार्यालय पर राजद कार्यकर्ताओं के कथित हमले के खिलाफ यहां विरोध मार्च किया और रैली निकाली. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित गुंडागर्दी का विरोध करते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद का पुतला दहन भी किया. इन कार्यक्रमों का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष विकास कुमार सिंह एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवाशीष पांडेय उर्फ निप्पू पांडेय कर रहे थे.
इन कार्यक्रमों में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राजीव लोचन मिश्रा समेत मनोज यादव, ब्रजेश मिश्रा, अनिल सिंह, अजय दास गौरी शंकर सिंह, मुकेश सिन्हा, रासमोहन ठाकुर आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. इससे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरएमके रोड स्थित अपने पार्टी कार्यालय से रोषपूर्ण नारेबाजी करते हुए विरोध मार्च निकाला, जो चलकर शहर के गांधी चौक पहुंचा. यहां पर उनकी एक सभा भी हुई.
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि राजद अब बिहार में अपनी शासकीय विफलता को छुपाने के लिए गुंडागर्दी पर उतर आई है. पटना में भाजपा कार्यालय पर हमला राजद की इसी हताशापूर्ण कार्रवाई का प्रतीक है. इस मामले की संपूर्ण जांच होनी चाहिए और दोषी लोगों को सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था बिल्कुल ध्वस्त हो गई है. अराजकता का माहौल है. भ्रष्टाचार चरम पर है और इन सब को छुपाने के लिए राजद ने अब हिंसा और गुंडागर्दी का रास्ता अख्तियार कर लिया है.






